कोरबा जिला अस्पताल की टीम ने लेमरू के वनांचल गांवों में चलाया स्वास्थ्य अभियान, घर-घर पहुंचकर की मलेरिया जांच

The team of Korba District Hospital launched a health campaign in the forest villages of Lemru, conducting door-to-door malaria tests.

कोरबा, 05 अगस्त 2026। जिले के दूरस्थ वनांचल क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं की पहुंच बढ़ाने के उद्देश्य से जिला स्वास्थ्य विभाग द्वारा लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में कोरबा जिला चिकित्सालय के विशेषज्ञ चिकित्सा दल ने ग्राम पंचायत लेमरू के अंतर्गत आने वाले विलमता और रपता गांवों में घर-घर पहुंचकर ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण किया और मलेरिया की जांच की।

कोरबा जिला आदिवासी बाहुल्य क्षेत्र है, जहां कई ग्रामीण इलाकों में रहने वाले लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए जिला मुख्यालय तक पहुंचने में परेशानियों का सामना करना पड़ता है। दूरस्थ क्षेत्रों में विशेषज्ञ चिकित्सकों की कमी और स्वास्थ्य जागरूकता के अभाव के कारण ग्रामीण कई बार गंभीर बीमारियों की चपेट में आ जाते हैं। इसे देखते हुए स्वास्थ्य विभाग द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर मरीजों की पहचान और उपचार की व्यवस्था की जा रही है।

इसी अभियान के तहत स्वर्गीय बिसाहूदास महंत मेमोरियल मेडिकल कॉलेज एवं जिला चिकित्सालय कोरबा के विशेषज्ञ चिकित्सा दल ने ग्राम लेमरू क्षेत्र के विलमता और रपता गांव में सघन मलेरिया जांच अभियान चलाया। चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों ने ग्रामीणों के घर-घर जाकर स्वास्थ्य जांच की और संभावित मलेरिया मरीजों की पहचान की।

जांच के बाद ग्रामीणों को आवश्यक दवाइयों का वितरण किया गया। साथ ही ग्रामीणों को मलेरिया से बचाव, साफ-सफाई रखने, मच्छरों से सुरक्षा और बीमारी के लक्षण दिखाई देने पर तुरंत स्वास्थ्य केंद्र पहुंचने के संबंध में जागरूक किया गया।

स्वास्थ्य शिविर को सफल बनाने में डॉ. विनीता रावटे, डॉ. राकेश वर्मा, डॉ. चंद्रकांत भास्कर, डॉ. दुष्यंत सिंह, डॉ. कोमल सिंह कंवर सहित इंटर्न अरशद, सौम्या, अमीर, डेविस, एलन और फार्मासिस्ट मनीष सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

यह स्वास्थ्य अभियान मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ. के. के. सहारे और मेडिकल सुपरिंटेंडेंट डॉ. गोपाल सिंह कंवर के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। स्वास्थ्य विभाग का यह प्रयास दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों तक बेहतर चिकित्सा सुविधा पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।