गरियाबंद 25 मई 2025। गरियाबंद जिला के चरौदा गांव में एक व्यापारी के घर पर डकैती की वारदात से हड़कंप मच गया है। बताया जा रहा है कि शनिवार की देर रात 7 नकाबपोश बदमाश हथियार की नोक पर घर के अंदर घुसकर परिवार के सदस्यों को बंधक बना लिया। इसके बाद बदमाशों ने हथियार की नोक पर घर में रखे लाखों रूपये कैश और जेवरात लेकर फरार हो गये। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक डकैती की ये वारदात छुरा थाना क्षेत्र के ग्राम चरौदा की है। बताया जा रहा है कि गांव में व्यवसायी सूर्यकांत अग्रवाल का परिवार निवास करता है। पीड़ित ने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज करायी है कि शनिवार की रात 1ः30 से 2 बजें के बीच 7 नकाबपोश हथियारबंद बदमाश घर के पिछले हिस्से से अंदर घुस गये। इसके बाद घर में मौजूद परिवार को एक कमरे में बंद कर दिया। नकाबपोश डकैतों ने घर के सभी सदस्यों से मोबाइल फोन छीन लिए, ताकि कोई भी पुलिस को मदद के लिए जानकारी न दे सके।
इसके साथ ही परिवार के सभी सदस्यों को पुलिस को सूचना न देने की धमकी दी। हथियारबंद बदमाशों को देखकर दहशत में पूरा परिवार रात भर कमरे में कैद रहा। इस दौरान डकैत घर में रखे करीब 3 से 4 लाख रुपये नकद और बड़ी मात्रा में सोने-चांदी के सारे जेवरात लेकर फरार हो गए। आज सुबह घटना की जानकारी मिलते ही छुरा पुलिस मौके पर पहुंची। डकैतों का सुराग जुटाने के लिए डॉग स्क्वॉड और फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया।
पुलिस द्वारा घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है। आपको बता दे गरियाबंद का चरौदा गांव ओडिशा सीमा से सटा हुआ है। जिससे पुलिस को आशंका है कि डकैत वारदात को अंजाम देने के बाद ओडिशा की ओर भाग निकले होंगे। फिलहाल पुलिस ने अज्ञात डकैतों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी गई है। घटना के बाद से गांव में दहशत का माहौल व्याप्त है।