रायपुर में 9 साल की बच्ची से दरिंदगी करने वाले आरोपी का टूटेगा अवैध मकान, निगम ने चिपकाया नोटिस

The illegal house of the accused of raping a 9-year-old girl in Raipur will be demolished; the corporation has pasted a notice.

रायपुर,16 जनवरी 2026। सिविल लाइन थाना क्षेत्र में नौ साल की बच्ची से दुष्कर्म के जघन्य मामले के बाद प्रशासनिक स्तर पर कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तारी कर जेल भेजा है। जांच में सामने आया कि आरोपित का मकान नगर निगम के नियमों के विपरीत अवैध रूप से निर्मित है। इसके बाद निगम ने नियमानुसार अवैध निर्माण हटाने की कार्रवाई आगे बढ़ाई है। निगम अधिकारियों ने आरोपित के मकान पर नोटिस चस्पा कर निर्धारित समय-सीमा में जवाब और दस्तावेज प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।

मकान हटाने की कार्रवाई की जाएगी

प्रशासन का कहना है कि समय पर संतोषजनक जवाब नहीं मिलने की स्थिति में मकान हटाने की आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद शहर में आक्रोश का माहौल है और समाज में अपराध के खिलाफ सख्त संदेश देने की मांग तेज हुई है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कानून व्यवस्था और नगर निगम नियमों का उल्लंघन किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

अधिकारियों के अनुसार अवैध निर्माण के मामलों में निगम पहले भी इसी तरह की प्रक्रिया अपनाता रहा है। इस प्रकरण में भी कार्रवाई को किसी विशेष घटना से जोड़कर नहीं, बल्कि नियमों के तहत आगे बढ़ाया जा रहा है। नोटिस की अवधि पूरी होने के बाद दस्तावेजों की जांच की जाएगी। यदि निर्माण अवैध पाया गया तो विधिसम्मत तरीके से उसे हटाया जाएगा। वहीं पुलिस और प्रशासन की ओर से पीड़ित परिवार की सुरक्षा और सहायता के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। क्षेत्र में निगरानी भी बढ़ा दी गई है।