गतौरा कोलवाशरी जा रहे युवकों से चाकू दिखाकर आईफोन लूटने वाला बदमाश चढ़ा पुलिस के हत्थे

The criminal who robbed the iPhones of youths going to Gautara Kolvashari by showing a knife was caught by the police.

मस्तूरी पुलिस और ACCU बिलासपुर की संयुक्त कार्रवाई, आरोपी राजकुमार ध्रुव गिरफ्तार, लूट का मोबाइल व चाकू बरामद, दूसरा आरोपी फरार

  बिलासपुर/मस्तूरी/ गतौरा रेलवे अंडरब्रिज के पास युवकों को चाकू दिखाकर ₹40 हजार का आईफोन लूटने वाले एक शातिर आरोपी को मस्तूरी पुलिस और एसीसीयू (ACCU) की टीम ने गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपी का नाम राजकुमार ध्रुव (27 वर्ष) निवासी बुटापारा, तोरवा है। पुलिस ने उसके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल धारदार चाकू और लूटा गया एप्पल कंपनी का मोबाइल बरामद कर लिया है। मामले का दूसरा आरोपी फिलहाल फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी राजीव कौशिक ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 2 सितंबर 2026 की शाम करीब 5:40 बजे वह अपने दोस्तों निरंजन कौशिक और राज केंवट के साथ मोटरसाइकिल से गतौरा कोलवाशरी ड्यूटी जा रहा था। जैसे ही वे करो रेलवे अंडरब्रिज के नीचे पहुंचे, तभी फरहदा की ओर से आ रहे स्कूटी सवार दो अज्ञात बदमाशों ने उन्हें रोक लिया। बदमाशों ने डिक्की से धारदार चाकू निकालकर पीड़ितों को डराया और राज केंवट का आईफोन छीनने लगे। विरोध करने पर आरोपियों ने चाकू से वार कर राज केंवट के गर्दन और हाथ में चोट पहुंचाई और मोबाइल लूटकर फरार हो गए।


मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) रजनेश सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) मधुलिका सिंह और एसडीओपी सुदीप सरकार के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी (CCTV) फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी राजकुमार ध्रुव को घेराबंदी कर हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने अपने साथी शिवम (निवासी देवरीडीह, तोरवा) के साथ मिलकर लूट की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपी को 4 सितंबर 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस फरार आरोपी शिवम की सरगर्मी से तलाश कर रही है।