कोरबा, 10 मार्च2026/ कोरबा में हसदेव नदी में नहाने के दौरान डूबे 22 वर्षीय युवक नौशाद अली अंसारी का शव 48 घंटे बाद बरामद कर लिया गया। दर्री थाना क्षेत्र के कलमीदुग्गू के पास हसदेव नदी में घटना के बाद पुलिस, प्रशासन और गोताखोर टीम लगातार युवक की तलाश में जुटी थी। रविवार दोपहर नौशाद अली अंसारी अपने तीन दोस्तों के साथ हसदेव नदी में नहाने गया था। इसी दौरान उसने नदी में छलांग लगा दी और तेज बहाव की चपेट में आकर बह गया। युवक को बहता देख उसके दोस्तों ने उसे बचाने के लिए नदी में छलांग लगाई, लेकिन वे उसे नहीं बचा सके और किसी तरह खुद सुरक्षित बाहर निकल आए।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने खोजबीन शुरू की। इसके बाद दर्री थाना पुलिस और जिला प्रशासन की नगरसेना गोताखोर टीम ने नदी में लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया। 48 घंटे की तलाश के बाद मंगलवार को गोताखोरों को युवक का शव नदी में जलकुंभी के बीच फंसा हुआ मिला, जिसे बाहर निकाला गया।
युवक की मौत की खबर से परिवार और पूरे इलाके में शोक का माहौल है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।







