जांजगीर चांपा जिले में नहर किनारे एक युवक का मृत शव मिलने से हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान हो गई है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है, जिसकी रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का सही कारण स्पष्ट हो पाएगा।
जांजगीर चांपा जिले के ग्राम कोटमीसोनार के क्रोकोडायल पार्क के पीछे नहर के किनारे एक युवक का मृत अवस्था में शव पड़ा मिला है। जिसकी पहचान लक्ष्मी नारायण ओगरे 35 वर्ष निवासी ठडगा बहरा के रूप में हुई है। आशंका है कि पड़ रही तेज धूप के कारण मौत हुई होगी। वहीं मृतक के पास से महुआ शराब थैले में मिला है।
कोटमीसोनार पुलिस टीम सहायता केंद्र से मिली जानकारी अनुसार, ग्रामीणों ने सूचना दी कि किसी व्यक्ति का मृत अवस्था में शव पड़ा हुआ है। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और तलाशी शुरू की। जहां बलौदा थाना क्षेत्र के ग्राम ठडगा बहरा निवासी के रूप में पहचान होने पर परिजनों को सूचना दी गई।
मृतक लक्ष्मी नारायण ओगरे की मां मौके पर पहुंची और पुलिस को बताया कि वह दो दिन पहले बिलासपुर जाने की बात कहते हुए घर से निकला था। मृतक के दो बच्चे हैं। रोजी मजदूरी का काम करते थे।
पुलिस हर एंगल से जांच पड़ताल कर रही है। आशंका है कि तेज धूप के कारण उसकी मौत हो गई हो। युवक के थैले से महुआ शराब भी मिली है। अधिक शराब पीने से मौत तो नहीं हुई है। फिलहाल, शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पीएम रिपोर्ट आने के बाद मौत किस कारण हुई है, वजह सामने आ पाएगी।









