माघी पुन्नी मेला शिवरीनारायण की तैयारियों को लेकर प्रशासन सतर्क, कलेक्टर–एसपी ने ली समीक्षा बैठक

The administration is vigilant regarding the preparations for the Maghi Punni Mela in Shivrinarayan; the Collector and SP held a review meeting.

जांजगीर-चांपा,15 जनवरी 2026। आगामी माघी पुन्नी मेला शिवरीनारायण के सुव्यवस्थित और सफल आयोजन को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रहा है। इसी क्रम में आज नगर पंचायत शिवरीनारायण के सभाकक्ष में कलेक्टर जन्मेजय महोबे एवं पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय ने जनप्रतिनिधियों, मेला महोत्सव समिति और संबंधित विभागों के अधिकारियों की संयुक्त बैठक लेकर आवश्यक तैयारियों की समीक्षा की।

बैठक में कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट निर्देश दिए कि मेला क्षेत्र में श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी। मेला परिसर में सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से सतत निगरानी, सुचारु यातायात व्यवस्था, पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती और भीड़ प्रबंधन को लेकर विशेष ध्यान देने को कहा गया। साथ ही घाट किनारे स्नान व्यवस्था, बैरिकेडिंग, स्वास्थ्य सुविधा, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, प्रकाश व्यवस्था, अनाउंसमेंट सिस्टम, रूट चार्ट, साफ-सफाई, शौचालय और पार्किंग व्यवस्था समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश अधिकारियों को दिए गए।

बैठक के पश्चात कलेक्टर एवं एसपी ने मेला ग्राउंड, मेला महोत्सव स्थल, चौपाटी, बाईपास रोड, नदी तट एवं पार्किंग स्थलों का निरीक्षण कर जमीनी स्तर पर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। कलेक्टर ने मेला के दौरान श्रद्धालुओं की संभावित भारी भीड़ को देखते हुए सभी तैयारियों को समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने एसडीआरएफ एवं बचाव दल को लगातार सतर्क एवं तैनात रखने, नौकाचालन के दौरान सुरक्षा जैकेट का अनिवार्य उपयोग तथा विशेष सावधानी बरतने के भी निर्देश दिए।

कलेक्टर ने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने, मेला अवधि के दौरान लगातार निगरानी बनाए रखने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही मेला स्थल एवं मंदिर परिसर में नियमित साफ-सफाई तथा चौपाटी और मेला ग्राउंड में व्यवस्थाओं को और मजबूत करने पर जोर दिया।

वहीं पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय ने मेले में पर्याप्त पुलिस बल एवं विशेष वॉलेंटियर्स की तैनाती, यातायात नियंत्रण, पार्किंग व्यवस्था और बेरिकेडिंग को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मेला शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराना पुलिस की प्राथमिकता है।

बैठक में नगर पंचायत अध्यक्ष राहुल थवाईत, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कश्यप, एसडीएम सुब्रत प्रधान, पार्षदगण, जनप्रतिनिधि, मेला महोत्सव समिति के सदस्य, व्यापारीगण सहित संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।