नए साल की पहली सुबह गोगुंडा पहुंचा प्रशासन, आज़ादी के बाद पहली बार गांव में उतरे कलेक्टर-एसपी

The administration arrived in Gogunda on the first morning of the new year; the Collector and SP arrived in the village for the first time since independence.

जगदलपुर, 01 जनवरी 2026। नए साल के पहले ही दिन जिला प्रशासन ने केरलापाल क्षेत्र की पहाड़ियों में बसे गोगुंडा गांव पहुंचकर इतिहास रच दिया। आज़ादी के बाद यह पहला अवसर है, जब कलेक्टर और एसपी स्वयं इस दुर्गम गांव तक पहुंचे। कलेक्टर अमित कुमार, पुलिस अधीक्षक किरण चव्हाण तथा जिला पंचायत सीईओ मुकुंद ठाकुर ने गांव पहुंचकर ग्रामीणों से सीधे संवाद किया और उनकी वर्षों पुरानी समस्याओं को नजदीक से जाना। इस दौरान सीआरपीएफ के अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे।

प्रशासन की इस ऐतिहासिक पहल से ग्रामीणों में खासा उत्साह देखने को मिला। अधिकारियों ने गांव की जमीनी स्थिति, रहन-सहन और बुनियादी सुविधाओं की कमी का जायजा लिया। ग्रामीणों ने बताया कि अब तक उन्हें राशन लेने के लिए दुर्गम पहाड़ी रास्तों से होकर कई किलोमीटर पैदल चलना पड़ता था, जिससे खासकर बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को भारी परेशानी होती थी।

ग्रामीणों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर ने मौके पर ही निर्देश दिए कि नए साल से गांव में ही राशन वितरण की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि लोगों को पहाड़ों से उतरकर लंबी दूरी तय न करनी पड़े। इसके साथ ही स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल और अन्य बुनियादी सुविधाएं भी सीधे गांव तक पहुंचाने के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

प्रशासन ने भरोसा दिलाया कि गोगुंडा गांव को मुख्यधारा से जोड़ने के लिए निरंतर प्रयास किए जाएंगे और वर्षों से उपेक्षित रहे इस क्षेत्र में विकास कार्यों को गति दी जाएगी। नए साल की पहली सुबह प्रशासन की मौजूदगी को ग्रामीणों ने अपने लिए उम्मीद और बदलाव की शुरुआत बताया।