कोयला चोरी कर अफरा-तफरी करने वाला फरार आरोपी गिरफ्तार…

The absconding accused who stole coal and created chaos has been arrested…

बिलासपुर,21 जून 2026 /कोयला चोरी कर अफरा-तफरी करने वाले फरार आरोपी को अजय कुमार सिंह को सकरी पुलिस ने गिरफ्तार करने में सफलता पाई है. आरोपी को गिरफतार कर न्यायिक रिमाण्ड पर भेजा गया है. मामले में पहले ही छह आरोपियों की गिरफ्तारी पुलिस कर चुकी है. पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी आरके पाण्डेय ने सिरगिट्टी थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 9 जून को दीपका कोल माइन्स से एफ/जी ग्रेड का कोयला भाटिया एनर्जी एण्ड कोल बेनिफिकेशन, लोखंडी के लिए मंगवाया था, जो 10 जून को फुजैल अंसारी, आशिक हुसैन और फजल अंसारी अलग-अलग ट्रेलर में लेकर आए, लेब में चेक करने पर एफ/जी ग्रेड का कोयला नहीं होना पाया गया.

ट्रेलर चालकों से पूछताछ करने पर एफ ग्रेड के कोयला को बालाजी कोल ट्रेडिंग एण्ड कंस्ट्रक्शन के संचालक एवं प्लांट के सुपरवाइजर की मिलीभगत से कोयला चोरी कर मिलावट कर लाना बताया. प्रार्थी की रिपोर्ट पर अपराध पंजीबद्ध कर झारखंड निवासी आरोपी आशिक हुसैन अंसारी (23 वर्ष), फैजान रजा अंसारी (23 वर्ष), फुजैल अंसारी (28 वर्ष), बिलासपुर जिला निवासी गौरव राजपूत (28 वर्ष) सीबु खान (29 वर्ष), दुर्ग जिला निवासी दिलीप कुमार यादव (36 वर्ष) को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमाण्ड पर भेजा गया था. वहीं आरोपी बिलासपुर जिला निवासी अजय कुमार सिंह (36 वर्ष) घटना के बाद से फरार था, जिसे कोनी से घेराबंदी कर पकड़ा गया. आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमाण्ड पर भेजा गया.