जमीन और शेयर मार्केट में रकम डबल करने का झांसा देकर करोड़ों की ठगी करने वाला फरार आरोपी गिरफ्तार…

The absconding accused who duped people of crores of rupees by promising to double their money in the land and share market has been arrested.

जांजगीर-चांपा, 07 जनवरी 2026। जांजगीर-चांपा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। जमीन की खरीदी-बिक्री और शेयर मार्केट में निवेश कर रकम ढाई गुना करने का लालच देकर करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले एक फरार आरोपी को साइबर टीम की सक्रियता से गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) एवं 3(5) के तहत कार्यवाही कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार गिरफ्तार आरोपी का नाम उत्तरा कुमार साहू, पिता स्वर्गीय ईश्वर प्रसाद साहू, उम्र 52 वर्ष, निवासी बिलारी, थाना शिवरीनारायण, जिला जांजगीर-चांपा है। प्रकरण की शुरुआत तब हुई जब प्रार्थी राजेश कुमार साहू, निवासी बिलारी वार्ड क्रमांक 12, थाना शिवरीनारायण ने दिनांक 14 नवंबर 2025 को रिपोर्ट दर्ज कराई। रिपोर्ट में बताया गया कि वर्ष 2023 में भूपेंद्र साहू, निवासी बिलारी ने जमीन की खरीदी-बिक्री का व्यवसाय और अपने बेटे के शेयर मार्केट में काम करने की बात कहकर निवेश का प्रस्ताव दिया था। आरोपी द्वारा यह भरोसा दिलाया गया कि यदि पैसा लगाया गया तो 25 माह में ब्याज सहित ढाई गुना रकम वापस मिलेगी।

आरोपियों के बार-बार दबाव और झांसे में आकर प्रार्थी ने 30 नवंबर 2023 से 25 अगस्त 2024 के बीच कुल 1 करोड़ 88 लाख रुपये जमा किए। बाद में जब तय समय पर रकम वापस नहीं मिली तो यह स्पष्ट हुआ कि प्रार्थी के साथ छलपूर्वक धोखाधड़ी की गई है। मामले की रिपोर्ट पर दिनांक 14 नवंबर 2025 को अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक जांजगीर-चांपा विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी चांपा यदुमणी सिदार के नेतृत्व में थाना शिवरीनारायण पुलिस द्वारा पूर्व में आरोपी भूपेंद्र कुमार साहू, हिरेंद्र कुमार साहू एवं सुरेंद्र कुमार साहू को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा जा चुका है।

इस प्रकरण में आरोपी उत्तरा कुमार साहू फरार चल रहा था। मुखबिर से सूचना मिलने पर कि आरोपी चोरी-छिपे क्षेत्र में घूम रहा है, साइबर सेल प्रभारी निरीक्षक सागर पाठक एवं प्रधान आरक्षक राजकुमार चंद्रा की टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपराध में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर आरोपी को दिनांक 07 जनवरी 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

इस पूरी कार्यवाही में निरीक्षक राजीव श्रीवास्तव थाना प्रभारी शिवरीनारायण, सहायक उप निरीक्षक रामप्रसाद बघेल, उप निरीक्षक सत्यम चौहान पुलिस सहायता केंद्र राहौद, प्रधान आरक्षक सुधीर साहू, पुलिस सहायता केंद्र राहौद, थाना शिवरीनारायण एवं साइबर टीम का सराहनीय योगदान रहा।