कोरबा 7 जून 2026। जिले के बांकीमोंगरा थाना क्षेत्र में बदमाशों के आतंक का सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां दर्जनों आरोपियों ने मिलकर एक युवक को वाहन से कुचल दिया, जबकि पीछा करने वाले दूसरे युवक का कथित रूप से अपहरण कर उसे सुनसान स्थान पर ले जाकर बेरहमी से मारपीट की। घटना के दौरान फायरिंग किए जाने की भी जानकारी सामने आई है। पूरी वारदात इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। घटना बांकीमोंगरा थाना क्षेत्र के बलगी इलाके की है। बताया जा रहा है कि 20 से 25 लोगों के समूह ने मिलकर वारदात को अंजाम दिया। इस हमले में एएसआई के पुत्र चंद्रमणि रात्रे गंभीर रूप से घायल हो गए। आरोप है कि बदमाशों ने उन्हें वाहन से कुचल दिया, जिससे उनकी हालत नाजुक बनी हुई है और उनका इलाज जारी है।








