कोरबा जिले कटघोरा थाना के जटगा चौकी क्षेत्र मे एक युवक ने मंदिर परिसर में जमकर उत्पात मचाया। उत्पात मचाते हुए पहले शिव मंदिर में आग लगाई, फिर तालाब किनारे स्थित हनुमान मंदिर का ताला तोड़कर वहां भी आगजनी की। इतना ही नहीं, युवक ने तालाब के पास स्थापित शिवलिंग को उखाड़कर पानी में फेंक दिया। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं से स्थानीय लोगों में आक्रोश का माहौल है, खासकर इसलिए क्योंकि कुछ महीने पहले भी इसी परिसर में असामाजिक तत्वों द्वारा बदमाशी की जा चुकी है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, जहां एसडीओपी कटघोरा विजय राजपूत और थाना प्रभारी धर्मनारायण तिवारी ने हालात का जायजा लेते हुए आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान बैकुंठपुर निवासी रोहित खैरवार के रूप में हुई है, जो जटगा अपने रिश्तेदार के यहां आया हुआ था। फिलहाल पुलिस उससे पूछताछ कर रही है और मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।










