भीषण गर्मी का कहर, 20 से ज्यादा जिलों में हीट वेव अलर्ट, स्वास्थ्य विभाग ने जारी की एडवाइजरी

Severe heat wave wreaks havoc in Chhattisgarh, heat wave alert in more than 20 districts, health department also issues advisory

रायपुर 23 मई 2026। छत्तीसगढ़ इन दिनों भीषण गर्मी की चपेट में है। प्रदेशभर में मौसम पूरी तरह शुष्क बना हुआ है और तेज धूप व गर्म हवाओं ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। मौसम विज्ञान केंद्र ने अगले 48 घंटों के लिए प्रदेश के 20 से अधिक जिलों में हीट वेव की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग का कहना है कि मध्य छत्तीसगढ़ में अगले पांच दिनों तक गर्म हवाओं का असर बना रहेगा, जिससे तापमान में और बढ़ोतरी हो सकती है।

शुक्रवार को प्रदेश का सबसे अधिक तापमान दुर्ग में 44.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा रायपुर, बिलासपुर, राजनांदगांव, महासमुंद और जांजगीर-चांपा सहित कई जिलों में तापमान सामान्य से काफी ऊपर बना हुआ है। लगातार बढ़ती गर्मी के कारण दिन के समय सड़कें सुनसान नजर आने लगी हैं और लोग जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकल रहे हैं।

तेज गर्मी को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने भी सतर्कता बढ़ा दी है। सभी सरकारी अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों को अलर्ट मोड पर रखा गया है। डॉक्टरों ने लोगों को दोपहर के समय धूप में बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त मात्रा में पानी पीने और हल्के कपड़े पहनने की सलाह दी है। खासतौर पर बुजुर्गों, बच्चों और खेतों में काम करने वाले मजदूरों को सावधानी बरतने को कहा गया है।

मौसम विभाग के अनुसार पूर्वी उत्तर प्रदेश से ओडिशा तक द्रोणिका सक्रिय है, लेकिन प्रदेश में पर्याप्त नमी नहीं पहुंच पाने के कारण बारिश की स्थिति नहीं बन रही है। यही वजह है कि तापमान लगातार ऊंचा बना हुआ है और गर्म हवाएं लोगों को झुलसा रही हैं। फिलहाल अगले कुछ दिनों तक बारिश की संभावना बेहद कम बताई गई है।

विभाग का अनुमान है कि प्रदेश में मानसून का प्रवेश 10 जून के बाद हो सकता है। मानसून सक्रिय होने के बाद ही लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।

इधर, कोरबा, महासमुंद, गरियाबंद, बालोद और मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिलों में भी अगले दो दिनों तक लू चलने की संभावना जताई गई है। ग्रामीण क्षेत्रों में खेतों में काम करने वाले किसानों और मजदूरों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

मौसम विभाग ने बिलासपुर, रायगढ़, सारंगढ़-बिलाईगढ़, सक्ती, मुंगेली, जांजगीर-चांपा, बलौदाबाजार, रायपुर, धमतरी, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई और राजनांदगांव जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।