SDOP, महिला TI सहित कई पुलिसकर्मी घायल, रायगढ़ के लिबरा में ग्रामीणों ने किया पुलिस पर पथराव

Several policemen, including the SDOP and a female TI, were injured when villagers pelted stones at police in Raigarh's Libra.

रायगढ़ 27 दिसंबर 2025। रायगढ़ जिले के ग्राम लिबरा के सीएचपी चौक में आज उग्र भीड़ ने पुलिस पर पथराव किया, जिसमें एसडीओपी, टीआई सहित कई पुलिसकर्मी घायल हो गए हैं।

इस संबंध में पुलिस द्वारा जारी बयान में बताया गया कि 8 दिसंबर 2025 को भौराभाठा में हुई जनसुनवाई के विरोध में सेक्टर 1 कोल ब्लॉक के अंतर्गत प्रभावित 14 ग्रामों के ग्रामवासी द्वारा दिनांक 12 दिसंबर 2025 से धरने पर बैठे हैं जिस पर आज दिनांक 27/12/2025 को सुबह 9 बजे के आस-पास लगभग 300 लोगों की भीड़ थी,उनमें से कुछ लोगों के द्वारा सड़क पर बैठकर सामान्य आवागमन को बाधित किया जा रहा था। जिसके लिए सुबह 10 बजे अनुविभागीय अधिकारी राजस्व अनुविभागीय अधिकारी पुलिस, एडिशनल एसपी के द्वारा लोगों को समझाइश देकर वापिस उन्हें धरना के लिए लगाए गए टेंट पर वापस करा दिया गया।

समय-समय पर भीड़ उग्र होती रही तथा सामान आवागमन को बाधित करने का प्रयास करती रही। उक्त भीड़ को एसडीएम घरघोडा व पुलिस अधिकारियों द्वारा लाउडस्पीकर से उन्हें बार बार समझाइश तथा शांतिपूर्वक धरना प्रदर्शन हेतु अपील की जा रही थी। लगातार आस-पास के गांवों से लोग जमा होते जा रहे थे जिनकी संख्या लगभग 1000 के आस-पास थी।

अचानक लगभग दोपहर ढाई बजे भीड़ बेकाबू हो गई और बैरियर को तोड़ते हुए पत्थर एवं डंडों से वहां उपस्थित पुलिस पर टूट पड़ी। उपद्रवी भीड़ ने जमकर लाठी डंडे बरसाए। जिससे एसडीओपी अनिल विश्वकर्मा, थाना प्रभारी तमनार कमला पुसाम तथा एक आरक्षक को गंभीर चोट आई तथा कई पुलिस के जवान और महिला आरक्षक घायल हैं, जिन्हें तत्काल प्राथमिक उपचार हेतु अस्पताल में भर्ती कराया गया।