रायगढ़ 13 सितंबर 2025। रायगढ़ के ठूसेकेला गांव में हुए सनसनीखेज हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में मुख्य आरोपी लोकेश्वर पटेल और उसके 12 वर्षीय बेटे को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने बुधवार की देर रात एक ही परिवार के चार लोगों की बेरहमी से हत्या कर दी थी और फिर शवों को घर के पीछे गोबर के ढेर में दफना दिया था।
पुलिस अधीक्षक (एसपी) ने शनिवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मामले की पूरी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मृतकों की पहचान बुधराम उरांव, उसकी पत्नी सहोदरा उरांव, बेटा अरविंद और बेटी शिवांगी के रूप में हुई थी। गुरुवार की सुबह चारों के शव घर की बाड़ी में गोबर के ढेर से बरामद किए गए थे। इस घटना से पूरे गांव में दहशत का माहौल बन गया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में पुलिस ने 15 से अधिक संदिग्धों को थाने बुलाकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान पुलिस को पता चला कि मृतक के परिवार का लोकेश्वर पटेल के साथ पुराना विवाद था। पुलिस ने शक के आधार पर उसे हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की।
पूछताछ में लोकेश्वर ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपी ने बताया कि उसे शक था कि उसकी पत्नी और मृतक बुधराम उरांव के बीच अवैध संबंध हैं। इसके अलावा मृतक की पत्नी ने आरोपी के बेटे पर धान चोरी का झूठा आरोप लगाया था, जिससे आरोपी काफी आहत था। आरोपी मृतक के घर के पीछे वाली जमीन भी खरीदना चाहता था, लेकिन बुधराम ने इसे लेकर अड़ंगा डाल रखा था। इन्हीं कारणों से आरोपी ने गुस्से में आकर चारों की हत्या कर दी।
पुलिस ने घटना में प्रयुक्त कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली है। आरोपी ने स्वीकार किया कि हत्या के बाद उसने अपने 12 वर्षीय बेटे की मदद से शवों को ठिकाने लगाया। उसका मानना था कि जमीन मुआवजा विवाद के चलते पुलिस का शक रिश्तेदारों पर जाएगा और वह बच निकलेगा।
एसपी ने बताया कि आरोपी पहले भी हत्या के एक मामले में उत्तर प्रदेश में सजा काट चुका है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया है। नाबालिग बेटे को भी बाल सुधार गृह भेजने की तैयारी की जा रही है।
इस हत्याकांड ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। ग्रामीणों ने घटना की कड़ी निंदा की और आरोपियों को कड़ी सजा देने की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले में चार्जशीट जल्द ही दाखिल की जाएगी।







