सरस्वती शिक्षा संस्थान की तीन दिवसीय विभाग स्तरीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता संपन्न; 219 प्रतिभागियों ने दिखाया दम, महापौर संजू देवी राजपूत रहीं मुख्य अतिथि

Saraswati Shiksha Sansthan's three-day department-level athletics competition concluded; 219 participants showed their strength, Mayor Sanju Devi Rajput was the chief guest.

कोरबा 1 सितंबर 2026/ सरस्वती शिक्षा संस्थान के तत्वावधान में आयोजित तीन दिवसीय विभाग स्तरीय एथलेटिक्स खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन अत्यंत उत्साह, उमंग और गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। इस गौरवशाली प्रतियोगिता में विभिन्न विद्यालयों से आए भैया-बहनों ने अपनी खेल प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए खेल भावना का परिचय दिया।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ गरिमामय शुभारंभ
कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ मुख्य अतिथि द्वारा माँ सरस्वती के तैलचित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया। इसके पश्चात विद्यालय के भैया-बहनों द्वारा दीप वंदना, सरस्वती वंदना, स्वागत गीत एवं मनमोहक सांस्कृतिक नृत्य की प्रस्तुतियां दी गईं, जिसने उपस्थित जनसमुदाय को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम की शुरुआत में विशिष्ट अतिथि  नरेश जायसवाल (प्रभारी वनांचल शिक्षा सेवा न्यास) द्वारा मंच पर आसीन सभी गणमान्य अतिथियों का औपचारिक परिचय कराया गया।

अतिथियों ने किया मार्गदर्शन और संस्कारों की सराहना
समारोह की मुख्य अतिथि श्रीमती संजू देवी राजपूत (महापौर, कोरबा नगर निगम) ने अपने प्रोत्साहन उद्बोधन में खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए जीवन में खेलों के महत्व पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे अजय सिंग कोरम (अधीक्षण अभियंता, CSPGCL, कोरबा पश्चिम) ने अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में सरस्वती शिशु मंदिर में दी जाने वाली संस्कारयुक्त शिक्षा और इसकी अनूठी विशेषताओं का विशेष रूप से उल्लेख किया।

इस अवसर पर भीष्म देव सिंह (व्यवस्थापक, हसदेव शिक्षण समिति) द्वारा विद्यालय का प्रगति प्रतिवेदन प्रस्तुत किया गया। विभाग स्तरीय क्रीड़ा प्रभारी श्री चिंतामणि कौशिक ने प्रतियोगिता की विस्तृत जानकारी साझा करते हुए बताया कि इस तीन दिवसीय आयोजन में भैया-बहन, संरक्षक एवं निर्णायक सहित कुल 219 प्रतिभागियों एवं सहयोगियों की सक्रिय सहभागिता रही। वहीं, प्रांत प्रमुख दीपक कुमार सोनी ने अपने सारगर्भित उद्बोधन में भारतीय संस्कृति एवं जीवन-मूल्यों में पंचपदी के महत्व और प्रासंगिकता की विस्तृत जानकारी प्रदान की।

दूसरे दिन मैदान पर दिखा रोमांच, विजेताओं को मिले मेडल
प्रतियोगिता के दूसरे दिन प्रातः 5 बजे से ही खेल मैदान पर खिलाड़ियों का उत्साह देखते ही बनता था। इस दौरान दौड़, बाधा दौड़, त्रिकूद (Triple Jump), ऊंची कूद, लंबी कूद, तवा फेंक (Discus Throw), गोला फेंक (Shot Put), और भाला फेंक (Javelin Throw) जैसी विविध खेल स्पर्धाएं आयोजित की गईं। स्पर्धाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रथम एवं द्वितीय स्थान प्राप्त विजेता भैया-बहनों को क्रमशः गोल्डन और सिल्वर मेडल तथा प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।

प्राचार्य ने माना आभार, खेल भावना के साथ समापन
समापन के अवसर पर विद्यालय की प्राचार्य श्रीमती सुषमा बारस्कर द्वारा कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सभी अतिथियों, खिलाड़ियों, संरक्षकों, निर्णायकों एवं प्रत्यक्ष-अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग प्रदान करने वाले सभी सदस्यों के प्रति सहृदय आभार व्यक्त किया गया।

इस त्रि-दिवसीय आयोजन में बड़ी संख्या में पूर्व छात्र, अभिभावक और भैया-बहन उपस्थित रहे। यह प्रतियोगिता विद्यार्थियों में खेल भावना, अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता एवं स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करने की दिशा में एक मील का पत्थर साबित हुई।