बालोद:डौंडीलोहारा थाना क्षेत्र के अंतर्गत खैरीडीह गांव के पास बीती रात एक भीषण सड़क हादसे ने तीन परिवारों के चिराग बुझा दिए. तेज रफ्तार कार और मोटरसाइकिल के बीच हुई जबरदस्त भिड़ंत में बाइक सवार तीन युवकों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई. तीनों दोस्त थे और एक ही गांव के रहने वाले थे.
देवरी से डौंडीलोहारा मार्ग पर हादसा, तीन की मौके पर मौत
पिंकापार गांव के रहने वाले तीनों युवक एक ही बाइक से देवरी से डौंडीलोहारा की ओर जा रहे थे. देर रात जब वे खैरीडीह के पास पहुंचे, तभी सामने से आ रही एक अनियंत्रित कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि मोटर साइकिल के परखच्चे उड़ गए और तीनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे. सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आने के कारण तीनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया.
मृतकों में 20 से 21 वर्ष के युवा
पुलिस ने मृतकों की पहचान तरुण यादव (20 वर्ष), राहुल सेवता (20 वर्ष) और नरेंद्र भुआर्या (21 वर्ष) के रूप में की है. तीनों युवक पिंकापार गांव के रहने वाले थे. हादसे की खबर मिलते ही गांव में मातम पसर गया है. जवान बेटों की मौत की खबर से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
कार चालक फरार
घटना की सूचना मिलते ही डौंडीलोहारा पुलिस मौके पर पहुंची. शवों को पंचनामा के बाद पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया. कार चालक फरार है. पुलिस ने कार को कब्जे में ले लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है. थाना प्रभारी ने बताया कि दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है. फरार कार चालक की तलाश की जा रही है.









