रायपुर पुलिस कमिश्नरेट की बड़ी कार्रवाई: दो जिलों से 10 दोपहिया वाहन चोरी करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार

Raipur Police Commissionerate takes major action: Two accused arrested for stealing 10 two-wheelers from two districts

रायपुर,02मार्च 2026/दोपहिया  वाहन चोरी की बढ़ती घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए रायपुर पुलिस कमिश्नरेट की एण्टी क्राइम एंड साइबर यूनिट ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए दो शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी की कुल 10 नग दोपहिया वाहन जब्त किए गए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 5 लाख रुपये बताई जा रही है।

पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला के मॉनिटरिंग में वाहन चोरी के आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की गई थी। टीम द्वारा घटना स्थलों और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए, मुखबिर तंत्र सक्रिय किया गया तथा तकनीकी विश्लेषण और नियमित पेट्रोलिंग के माध्यम से संदिग्धों की पहचान की जा रही थी।

इसी दौरान पंडरी क्षेत्र में पेट्रोलिंग करते समय एक्टिवा वाहन पर सवार दो संदिग्ध व्यक्तियों को रोका गया। पूछताछ से बचने के लिए दोनों भागने लगे, लेकिन पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया। पूछताछ में उन्होंने अपने नाम राज सोनी (24 वर्ष) निवासी खमतराई तथा सुभाष कुम्हार (19 वर्ष) निवासी दोंदेखुर्द, थाना विधानसभा, जिला रायपुर बताया। वाहन के दस्तावेज मांगने पर दोनों ने उक्त वाहन को पंडरी बाजार क्षेत्र से चोरी करना स्वीकार किया।

कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपियों ने रायपुर के विभिन्न थाना क्षेत्रों—पंडरी, खम्हारडीह, खरोरा—सहित जिला दुर्ग के थाना छावनी क्षेत्र से कुल 10 दोपहिया वाहन चोरी करना कबूल किया।