रायपुर नगर निगम सख्त: 160 जगहों पर लगेंगे नाइट विजन कैमरे, रात में कचरा फेंकने वाले भी नहीं बचेंगे

Raipur Municipal Corporation strict: Night vision cameras will be installed at 160 places, even those throwing garbage at night will not be spared.

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर को देश के सबसे स्वच्छ शहरों की सूची में ऊपर लाने के लिए रायपुर नगर निगम ने कमर कस ली है। शहर को पूरी तरह से कचरा मुक्त बनाने के लिए निगम द्वारा ‘ऑपरेशन थर्ड आई’ (Operation Third Eye) की शुरुआत की जा रही है। इसके तहत सार्वजनिक स्थानों और सड़कों पर कचरा फेंकने वालों के खिलाफ अब तक की सबसे सख्त कार्रवाई की जाएगी।

160 संवेदनशील पॉइंट पर सीसीटीवी की नजर
नगर निगम ने शहर के सभी 10 जोनों में ऐसे 160 कचरा संवेदनशील स्थानों (Garbage Vulnerable Points) की पहचान की है, जहां लोग अक्सर कचरा फेंक देते हैं। इन सभी जगहों पर हाई-रिज़ॉल्यूशन सीसीटीवी (CCTV) कैमरे लगाए जा रहे हैं। ये कैमरे सीधे स्मार्ट सिटी कमांड सेंटर से जुड़े होंगे।

रात के अंधेरे में भी होगी कार्रवाई
निगम अधिकारियों के मुताबिक, अक्सर लोग पकड़े जाने के डर से रात के समय या अलसुबह सुनसान सड़कों पर कचरा फेंक देते हैं। इस समस्या से निपटने के लिए लगाए जा रहे कैमरे नाइट विजन तकनीक से लैस होंगे। ये कैमरे रात के घने अंधेरे में भी 50 मीटर की दूरी तक साफ तस्वीरें और वीडियो रिकॉर्ड कर सकेंगे।

₹200 से ₹25,000 तक का जुर्माना
इस अभियान के तहत जुर्माने की राशि भी काफी बढ़ा दी गई है। सड़क पर कचरा फेंकने, थूकने या प्लास्टिक का उपयोग करने पर न्यूनतम ₹200 से लेकर अधिकतम ₹25,000 तक का जुर्माना वसूला जाएगा। जुर्माने की दरें अलग-अलग श्रेणियों (जैसे आम नागरिक, छोटे दुकानदार, होटल, रेस्टोरेंट और बड़े व्यावसायिक प्रतिष्ठान) के आधार पर तय की गई हैं।

अधिकारियों के मोबाइल ऐप पर होगी लाइव मॉनिटरिंग
इस व्यवस्था को पारदर्शी और कड़ा बनाने के लिए एक विशेष मोबाइल ऐप भी तैयार किया गया है। कैमरे की फुटेज के आधार पर जैसे ही कोई कचरा फेंकता हुआ दिखेगा, उसकी लाइव सूचना और फोटो संबंधित जोन कमिश्नर और स्वास्थ्य अधिकारियों के मोबाइल ऐप पर पहुंच जाएगी, जिसके बाद मौके पर ही चालान काटने की कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा, यह सिस्टम कचरा उठाने वाली गाड़ियों की लापरवाही पर भी नजर रखेगा।