रायगढ़ में डीजल चोर गैंग पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, हाईवा चालकों से लूट और डीजल चोरी करने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार

Raigarh: Police crackdown on diesel theft gang; three accused arrested for robbing truck drivers and stealing diesel

रायगढ़, 05 मार्च 2026/ जिले में डीजल चोरी और लूटपाट की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए रायगढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने भालूमुड़ा रेलवे साइडिंग में खड़े हाईवा वाहनों से डीजल चोरी करने के साथ ही चालक से मारपीट कर नगदी लूट ली थी। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त स्कॉर्पियो वाहन, 170 लीटर डीजल, नगदी और हथियारनुमा सामान जब्त किया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में थाना तमनार पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस गिरोह का पर्दाफाश किया। मामले में थाना तमनार में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 48/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 309(6) और 3(5) के अंतर्गत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।

मिली जानकारी के अनुसार हाईवा चालक मुकेश यादव (33) निवासी ग्राम धनवाही थाना इंदवार जिला उमरिया (मध्यप्रदेश) ने 3 मार्च को थाना तमनार में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उसने बताया कि वह भालूमुड़ा रेलवे साइडिंग में हाईवा चालक का कार्य करता है। 2 मार्च की रात वह अपने हाईवा क्रमांक CG 10 BK 9082 को साइडिंग में खड़ा कर वाहन में ही सो रहा था। वहां पांच अन्य हाईवा भी खड़े थे, जिनके चालक होली मनाने अपने-अपने घर चले गए थे।