बलौदाबाजार-बिलाईगढ़ 6 सितंबर 2025। पुलिस ने शेयर मार्केट में निवेश का झांसा देकर करोड़ों की ठगी करने वाले गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने आरोपी आत्माराम साहू को गिरफ्तार किया है, जिसने अपने साथियों के साथ मिलकर लोगों को दो साल में रकम दोगुना करने का लालच देकर ठगी की। मामले में अब तक थाना कसडोल और गिधौरी में कुल 5 आपराधिक प्रकरण दर्ज किए जा चुके हैं।
पुलिस के मुताबिक आरोपी आत्माराम साहू और उसके साथी लोगों को यह कहकर फंसाते थे कि यदि वे शेयर ट्रेडिंग में निवेश करेंगे तो उनकी रकम मात्र दो वर्षों में दोगुनी कर दी जाएगी। इसी प्रलोभन में आकर कसडोल, लवन, गिधौरी, शिवरीनारायण, महासमुंद और रायगढ़ सहित कई स्थानों के लोग जालसाजों के शिकार बने।
आरोपियों ने इस तरीके से करोड़ों रुपये की ठगी को अंजाम दिया। मामले में पहले से ही आरोपी रामनारायण साहू और अन्य के खिलाफ कार्रवाई हो चुकी है और पुलिस अब गिरोह से जुड़े बाकी लोगों की तलाश में है।
जैसे ही शिकायतें पुलिस तक पहुंचीं, पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना गुप्ता ने मामले को गंभीरता से लेते हुए गहन जांच और विवेचना के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि पीड़ितों से आवेदन लेकर सभी बिंदुओं की जांच की जाए और आरोपियों की संपत्ति जब्ती/कुर्की की कार्यवाही भी की जाए।
पुलिस ने विशेष अनुसंधान टीम का गठन किया, जिसने तकनीकी और साइबर विश्लेषण की मदद से आरोपी आत्माराम साहू को हिरासत में ले लिया।
पुलिस ने पूछताछ में पाया कि आत्माराम साहू (उम्र 40 वर्ष, निवासी ग्राम गोरबा, थाना बिलाईगढ़, जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़) ने पहले से गिरफ्तार आरोपी रामनारायण साहू और अन्य साथियों के साथ मिलकर यह ठगी की। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वे लोगों को झूठे वादे करके निवेश कराते थे और फिर रकम हड़प लेते थे।
पुलिस ने आरोपी के बैंक खातों और संपत्ति की जानकारी जुटाना शुरू कर दिया है। साथ ही, साइबर सेल की टीम मामले के सभी पहलुओं का तकनीकी विश्लेषण कर रही है ताकि पूरे गिरोह का पर्दाफाश किया जा सके।
अब तक इस मामले में थाना कसडोल में 4 और थाना गिधौरी में 1 आपराधिक प्रकरण दर्ज हो चुके हैं। पुलिस का कहना है कि जांच अभी जारी है और जल्द ही बाकी आरोपियों को भी गिरफ्तार किया जाएगा।पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी ने भी इस गिरोह को पैसे दिए हैं या शेयर मार्केट में निवेश करने के नाम पर उनके साथ ठगी की गई है, तो वह तुरंत पुलिस को सूचना दें ताकि मामले की जांच में तेजी लाई जा सके।








