एसपी के निर्देश पर बालकोनगर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम के तहत मामला दर्ज।
कोरबा बालकोनगर/15 अक्टूबर।जिला पुलिस कोरबा द्वारा अवैध गतिविधियों और जुआरियों के खिलाफ चलाई जा रही मुहिम के तहत बालकोनगर पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस ने ग्राम फुटहामुड़ा स्थित पिकनिक स्पॉट के पास सार्वजनिक स्थान पर ताश के पत्तों पर रुपयों-पैसों का दांव लगाकर जुआ खेल रहे 8 आरोपियों को घेराबंदी कर रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से ₹14,700 नगद राशि, 07 दोपहिया वाहन और 07 मोबाइल फोन जब्त किए हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, दिनांक 14 अक्टूबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि फुटहामुड़ा पिकनिक स्पॉट के सुनसान व सार्वजनिक स्थान पर कुछ लोग जुआ खेल रहे हैं। सूचना की तस्दीक के बाद पुलिस अधीक्षक कोरबा के निर्देश पर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पाटले एवं नगर पुलिस अधीक्षक प्रतीक चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में बालकोनगर थाना पुलिस की टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस को देखकर जुआरियों में हड़कंप मच गया, लेकिन सतर्क टीम ने मौके से सभी 8 आरोपियों को दबोच लिया।
पकड़े गए आरोपियों के नाम:
पुलिस की गिरफ्त में आए आरोपियों में विजय कुमार वर्मा (40 वर्ष, पोड़ीबहार), हसीम कुरैशी (40 वर्ष, चिमनी भट्ठा मानिकपुर), देवेंद्र साहनी (35 वर्ष, ढोढ़ीपारा), उज्ज्वल विश्वास (38 वर्ष, कृष्णा नगर मानिकपुर), धनीराम (58 वर्ष, मुड़ापार निषाद मोहल्ला), रहीस कुरैशी (49 वर्ष, मुड़ापार), आरिफ खान (38 वर्ष, मुड़ापार बाजार रोड) और सूरजमल देवांगन (54 वर्ष, बुधवारी काशीनगर) शामिल हैं।

लाखों का माल और नगदी बरामद:
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से और फड़ से कुल ₹14,700 नगद, जुआरियों द्वारा इस्तेमाल की जा रही विभिन्न कंपनियों के 07 मोबाइल फोन, आवागमन में प्रयुक्त 07 दोपहिया वाहन और 52 पत्ती ताश समेत जुआ खेलने की अन्य सामग्री जब्त की है। मामले में थाना बालकोनगर में अपराध क्रमांक 614/2026 दर्ज कर छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम, 2022 की धारा 3(2) के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है।
पुलिस की अपील:
कार्रवाई के बाद कोरबा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे जुआ, सट्टा और अन्य अवैध सामाजिक बुराइयों से दूर रहें। पुलिस ने कहा है कि जिले में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसी अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने की कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी। सार्वजनिक स्थानों पर अवैध गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को दें, सूचना देने वाले का नाम गुप्त रखा जाएगा।







