बिलासपुर। दुर्गा विसर्जन के दौरान शहर में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सिटी कोतवाली पुलिस ने असामाजिक तत्वों के खिलाफ एक विशेष अभियान चलाया। चेकिंग के दौरान पुलिस ने रैली में धारदार चाकू लेकर घूम रहे गनियारी निवासी दो युवकों को दबोच लिया। इसके साथ ही जुलूस में बाधा डालने वाले 12 अन्य हुड़दंगियों के खिलाफ भी कड़ी प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है।
यह पूरी कार्रवाई पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) श्री रजनेश सिंह (IPS), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) श्री पंकज कुमार पटेल और नगर पुलिस अधीक्षक (CSP) श्री तिलेश्वर कुमार यादव के कुशल मार्गदर्शन में कोतवाली पुलिस टीम द्वारा अंजाम दी गई।

मेले में चमका रहे थे चाकू, पुलिस ने दबोचा
विसर्जन मार्ग पर संदिग्धों की सघन चेकिंग के दौरान पुलिस ने दो युवकों को घेराबंदी कर पकड़ा। तलाशी लेने पर उनके पास से खतरनाक धारदार चाकू बरामद हुए। पकड़े गए आरोपियों में प्रिंस साहू (18 वर्ष) पिता प्रेम संतोष साहू और कमलेश केंवट (20 वर्ष) पिता संजू केंवट शामिल हैं। दोनों आरोपी थाना कोटा क्षेत्र के ग्राम गनियारी के रहने वाले हैं। कोतवाली पुलिस ने दोनों के खिलाफ अपराध क्रमांक 615/26 व 616/26 के तहत धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट का मामला दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया है।
12 हुड़दंगियों को भेजा गया कोर्ट
त्योहार के दौरान शांति व्यवस्था भंग करने की नीयत से घूमने वाले और आपराधिक प्रवृत्ति के 12 अन्य लोगों को भी पुलिस ने हिरासत में लिया। इन सभी के खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 170 के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई कर न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस की इस मुस्तैद कार्रवाई के चलते शहर में दुर्गा विसर्जन का पर्व पूरी तरह शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गया।







