रायपुर में 41 जगहों पर एक साथ पुलिस की नाकेबंदी, 5,000 से ज्यादा वाहनों की जांच, चोरी की स्कूटी बरामद, चाकू के साथ बदमाश गिरफ्तार

Police blockades at 41 locations in Raipur, checking over 5,000 vehicles, recovering stolen scooters, and arresting a criminal with a knife.

रायपुर, 28 जुलाई 2026 राजधानी रायपुर में अपराधों पर लगाम कसने और कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से पुलिस कमिश्नरेट ने बड़ा विशेष अभियान चलाया। पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला के निर्देश पर 27 जुलाई 2026 की रात कमिश्नरेट के मध्य, उत्तर और पश्चिम जोन में एक साथ 41 स्थानों पर विशेष नाकेबंदी और सघन वाहन चेकिंग अभियान संचालित किया गया। रात 8 बजे से 11:30 बजे तक चले इस अभियान के दौरान 5,000 से अधिक वाहनों और संदिग्ध व्यक्तियों की जांच की गई।

अभियान के दौरान बिना नंबर प्लेट वाले वाहनों, फैंसी और नियम विरुद्ध नंबर प्लेट लगाने वालों, संदिग्ध वाहनों और संदिग्ध व्यक्तियों पर विशेष नजर रखी गई। शहर के प्रमुख प्रवेश और निकास मार्गों पर पुलिस की कड़ी निगरानी रही, जिससे असामाजिक और आपराधिक तत्वों की गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सके।

चेकिंग के दौरान नियम विरुद्ध लगी ब्लैक फिल्म को मौके पर ही हटवाया गया। वहीं यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ ई-चालान की कार्रवाई की गई। बिना नंबर प्लेट और नियम विरुद्ध नंबर प्लेट वाले वाहनों पर भी मोटरयान अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।

इसी अभियान के दौरान थाना गोलबाजार क्षेत्र के शास्त्री मार्केट से चोरी हुई हीरो होंडा प्लेजर स्कूटी (CG 04 DK 5384) की सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल वायरलेस के माध्यम से सभी थानों, नाकेबंदी प्वाइंटों और पेट्रोलिंग टीमों को अलर्ट किया। सूचना मिलते ही सभी टीमें सक्रिय हो गईं। इसी बीच नाकेबंदी से बचकर भागने की कोशिश कर रहे एक संदिग्ध युवक को एसीसीयू (ACCU) की बीट टीम ने घेराबंदी कर पकड़ लिया। जांच में उसके पास मौजूद वाहन चोरी की वही स्कूटी निकली, जिसे कुछ घंटे पहले गोलबाजार क्षेत्र से चुराया गया था। पुलिस ने आरोपी को चोरी की स्कूटी सहित गिरफ्तार कर लिया है। उससे अन्य वाहन चोरी की घटनाओं के संबंध में भी पूछताछ की जा रही है।

विशेष अभियान के दौरान थाना गंज पुलिस को भी बड़ी सफलता मिली। तेलीघानी नाका चेकिंग प्वाइंट पर पुलिस को देखकर भागने का प्रयास कर रहे आर्यन चौहान (20 वर्ष), निवासी कलिंग नगर, गुढ़ियारी को पुलिस ने दौड़ाकर पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से एक बटनदार चाकू बरामद हुआ। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर विधिसम्मत कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस कमिश्नरेट रायपुर के अनुसार यह अभियान अपराधों की रोकथाम, वाहन चोरी पर नियंत्रण, संदिग्ध एवं वांछित अपराधियों की पहचान, कानून-व्यवस्था को मजबूत करने तथा नागरिकों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से चलाया गया। पुलिस का कहना है कि आने वाले समय में भी शहर में इसी तरह विशेष नाकेबंदी, सघन चेकिंग और पेट्रोलिंग अभियान नियमित रूप से जारी रहेंगे, ताकि अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।