बिलासपुर। जिले में नशे के सौदागरों के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत सिटी कोतवाली पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने अरपा बैराज पचरी घाट पर घेराबंदी कर स्कूटी से अवैध शराब की बिक्री कर रहे दो शातिर तस्करों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से भारी मात्रा में देशी शराब और तस्करी में इस्तेमाल स्कूटी जब्त की गई है।
कप्तान के निर्देश पर एक्टिव हुई टीम
पुलिस अधीक्षक (SP) श्री रजनेश सिंह (IPS) द्वारा जिले में अवैध नशे के कारोबार पर पूर्णतः अंकुश लगाने और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। इसी तारतम्य में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) श्री पंकज कुमार पटेल एवं नगर पुलिस अधीक्षक (CSP) श्री गगन कुमार (IPS) के मार्गदर्शन में सिटी कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक देवेश सिंह राठौर ने विशेष टीम गठित कर मुखबिरों को सक्रिय किया था।
बैराज पर चल रहा था अवैध धंधा
05 सितंबर को थाना प्रभारी को सटीक मुखबिर सूचना मिली कि अरपा बैराज पचरी घाट के पास दो युवक अपनी स्कूटी (क्रमांक CG 10 BV 1079) में देशी प्लेन शराब रखकर उसे खपाने की फिराक में हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत मुखबिर पंचनामा तैयार किया और गवाहों को साथ लेकर मौके पर दबिश दी।
घेराबंदी कर दबोचे गए आरोपी
पुलिस को देखकर आरोपियों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन मुस्तैद स्टाफ ने घेराबंदी कर दोनों को धर दबोचा। पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम समीर यादव (19 वर्ष) और राज कुमार यादव (26 वर्ष) बताया, जो तिफरा (राम मंदिर के पीछे) थाना सिरगिट्टी के निवासी हैं।
आबकारी एक्ट के तहत जेल दाखिला
गवाहों के समक्ष ली गई तलाशी में आरोपियों के पास से 36 पाव देशी प्लेन शराब बरामद हुई, जिसकी कुल मात्रा 6.480 बल्क लीटर और अनुमानित कीमत 3100 रुपये आंकी गई है। पुलिस ने शराब और स्कूटी को जप्ती पत्रक के तहत कब्जे में ले लिया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की गैर-जमानती धारा 34(2) और 59(क) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से दोनों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।







