सुने मकान का ताला तोड़कर चोरी करने वाला एक आरोपी गिरफ्तार एक की तलाश जारी

One accused of breaking into an abandoned house and stealing has been arrested and search for one more continues.

बिलासपुर: सूने मकान में चोरी करने वाला एक आरोपी गिरफ्तार, मुख्य सरगना की तलाश जारी

मोपका (बिलासपुर)। रामकृष्ण नगर मोपका में हुए अंधे कत्ल और चोरी की वारदात को सुलझाते हुए मोपका चौकी पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपी ने अपने साथी के साथ मिलकर सूने मकान का ताला तोड़कर ₹85,000 की चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। मामले का मुख्य आरोपी फिलहाल फरार है, जिसकी तलाश पुलिस कर रही है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, रामकृष्ण नगर निवासी प्रार्थिया रिंकी सेन ने 12 जून को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 10 जून की दरम्यानी रात अज्ञात चोरों ने उनके सूने मकान का ताला तोड़कर सोने-चांदी के जेवरात और नगदी समेत कुल ₹85,000 के माल पर हाथ साफ कर दिया था। शिकायत पर पुलिस ने अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की।

बाहर रहकर दे रहा था पहरा, मिले थे ₹15,000
मामले की जांच के दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने संदेही मोहित ध्रुव को हिरासत में लिया। कड़ी पूछताछ में मोहित ने अपने साथी के साथ मिलकर चोरी की बात कबूल कर ली। आरोपी ने बताया कि चोरी के वक्त मुख्य आरोपी घर के अंदर था, जबकि वह खुद आने-जाने वालों पर नजर रखने के लिए घर के बाहर पहरा दे रहा था। इस काम के बदले मुख्य आरोपी ने उसे ₹15,000 दिए थे, जिसमें से ₹14,000 उसने खर्च कर दिए।

मुख्य आरोपी फरार, सामान की बरामदगी शेष
पुलिस ने आरोपी मोहित ध्रुव के खिलाफ अपराध सिद्ध होने पर 18 अगस्त को उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। मोपका पुलिस का कहना है कि मामले का मुख्य आरोपी अभी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के बाद ही चोरी का शत-प्रतिशत सामान (मसरूका) बरामद किया जा सकेगा। पुलिस की टीमें फरार आरोपी की लगातार तलाश कर रही हैं, जिसे जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।