रक्षाबंधन पर इस जेल की चारदीवारी के भीतर खुली मिठाई ले जाने पर रोक, सुबह 9 से दोपहर 2 बजे तक मिलाई…

On Raksha Bandhan, carrying open sweets inside the prison walls is prohibited, meeting is allowed from 9 am to 2 pm.

कोरबा, 27 अगस्त 2026। भाई-बहन के अटूट प्रेम और विश्वास का त्योहार रक्षाबंधन इस बार जिला जेल कोरबा में भी विशेष व्यवस्था के साथ मनाया जाएगा। जेल में बंद भाइयों को राखी बांधने के लिए आने वाली बहनों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जेल प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की हैं। रक्षाबंधन के दिन जेल की चारदीवारी के भीतर खुली मिठाई ले जाने पर प्रतिबंध रहेगा। बहनें केवल सीलबंद पैकेट में मिठाई लेकर जेल परिसर में प्रवेश कर सकेंगी।

जेलर अमितेश साहू ने बताया कि रक्षाबंधन पर बहनों को अपने भाइयों से मिलने में किसी तरह की असुविधा न हो, इसके लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। जेल के पीछे कैदियों की मुलाकात के लिए जेल प्रशासन ने जरूरी तैयारियां पूरी कर ली हैं। रक्षाबंधन के दिन सुबह 9 बजे से दोपहर 2 बजे तक मुलाकात का समय निर्धारित किया गया है।

मुलाकात के दौरान जेल में आने वाले लोगों की सघन जांच की जाएगी। जेल प्रवेश द्वार पर बहनों की सुगम एंट्री और सुरक्षा जांच के लिए अतिरिक्त पुलिस बल एवं जेल कर्मचारियों की तैनाती की जाएगी। जेल परिसर में आने वाली बहनों और परिजनों की सुविधा के लिए छांव, बैठने की व्यवस्था और शीतल पेयजल का भी प्रबंध किया गया है।

जेल प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मुलाकात के दौरान केवल सीलबंद पैकेट में मिठाई ही जेल के अंदर ले जाने की अनुमति होगी। खुले खाद्य पदार्थ और खुली मिठाई जांच के दौरान बाहर ही रोक दी जाएगी। इसका उद्देश्य जेल की सुरक्षा व्यवस्था को बनाए रखना और किसी भी तरह की आपत्तिजनक वस्तु को परिसर के भीतर पहुंचने से रोकना है।

जेल प्रशासन के अनुसार रक्षाबंधन के दिन बड़ी संख्या में बहनों के जेल पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए सुरक्षा और व्यवस्था को लेकर तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं। प्रशासन ने अपील की है कि जेल आने वाले परिजन निर्धारित समय का पालन करें और सुरक्षा जांच में सहयोग करें, ताकि मुलाकात की प्रक्रिया सुचारू रूप से संचालित हो सके।