कोरबा 7 मार्च 2026/ अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर न्यू कोरबा हॉस्पिटल ने समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए महिलाओं के स्वास्थ्य को समर्पित एक विशेष निःशुल्क स्वास्थ्य परामर्श शिविर का आयोजन किया। शनिवार 7 मार्च को आयोजित इस शिविर में शहर और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में महिलाओं ने पहुंचकर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया।
अस्पताल परिसर में आयोजित इस शिविर में महिला मरीजों को निःशुल्क ओपीडी परामर्श प्रदान किया गया। इसके साथ ही महिलाओं की विभिन्न आवश्यक स्वास्थ्य जांचों पर 50 प्रतिशत तक की विशेष छूट दी गई, जिससे बड़ी संख्या में महिलाओं ने अपनी जांच कराई और स्वास्थ्य संबंधी सलाह प्राप्त की।
शिविर के दौरान अस्पताल के अनुभवी डॉक्टरों ने महिलाओं की विस्तृत स्वास्थ्य जांच कर उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया। साथ ही महिलाओं को यह भी समझाया गया कि परिवार और जिम्मेदारियों के बीच अक्सर महिलाएं अपने स्वास्थ्य को नजरअंदाज कर देती हैं, जबकि स्वस्थ समाज के निर्माण में महिलाओं का स्वस्थ रहना बेहद जरूरी है। डॉक्टरों ने नियमित स्वास्थ्य परीक्षण, संतुलित आहार और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने पर विशेष जोर दिया।

कार्यक्रम के दौरान स्त्री रोग, पोषण, हार्मोनल समस्याएं और जीवनशैली से जुड़ी बीमारियों के बारे में भी महिलाओं को विस्तार से जानकारी दी गई, ताकि वे समय रहते अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग हो सकें।
इस अवसर पर अस्पताल में डायलिसिस करा रही महिलाओं के साथ महिला दिवस का भावनात्मक और प्रेरणादायी आयोजन भी किया गया।
अस्पताल प्रबंधन ने इन महिलाओं के साहस, धैर्य और जीवन के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण को सम्मानित किया। बताया गया कि कई महिलाएं पिछले 4 से 5 वर्षों से नियमित डायलिसिस करा रही हैं, लेकिन इसके बावजूद वे अपने परिवार की जिम्मेदारियों को पूरी मजबूती और हिम्मत के साथ निभा रही हैं।
अस्पताल प्रबंधन ने कहा कि ऐसी महिलाएं समाज के लिए हौसले और संघर्ष की जीवंत मिसाल हैं, जिनकी सकारात्मक सोच और जुझारूपन हर किसी को प्रेरित करता है।
न्यू कोरबा हॉस्पिटल प्रबंधन ने बताया कि भविष्य में भी इस तरह के निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर और जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे, ताकि क्षेत्र के लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें और समाज को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक बनाया जा सके।







