कोरिया। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) छत्तीसगढ़ प्रदेश अभ्यास वर्ग का आयोजन 12 से 15 जून तक शृंगी ऋषि की पावन नगरी राजिम, गरियाबंद में संपन्न हुआ। अभ्यास वर्ग के अंतिम दिवस संगठन द्वारा आगामी कार्यकाल हेतु विभिन्न दायित्वों की घोषणा की गई।
इसी क्रम में कोरिया (एमसीबी) जिले के सक्रिय, लोकप्रिय एवं संघर्षशील छात्र नेता बलबीर पुषाम को पुनः जिला संयोजक का दायित्व सौंपा गया। साथ ही सरिता सिंह को जिला छात्रा प्रमुख तथा अशोक यादव को पुनः जिला विद्यार्थी विस्तारक का दायित्व सौंपा गया। इस घोषणा के बाद जिलेभर के कार्यकर्ताओं एवं विद्यार्थियों में उत्साह का वातावरण देखने को मिला।
बलबीर पुषाम लंबे समय से अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से जुड़े हुए हैं और संगठनात्मक कार्यों में उनकी सक्रिय भूमिका रही है। छात्रहित के मुद्दों को लेकर उनकी निरंतर सक्रियता और नेतृत्व क्षमता के कारण उनकी विशेष पहचान बनी है। उनकी पुनर्नियुक्ति को जिले में संगठनात्मक विस्तार एवं छात्र आंदोलनों को नई ऊर्जा देने वाला निर्णय माना जा रहा है।
छात्राओं के बीच लोकप्रिय और प्रेरणादायी नेतृत्व के रूप में उभरीं सरिता सिंह
नवनियुक्त जिला छात्रा प्रमुख सरिता सिंह जनजातीय समाज से आने वाली सक्रिय छात्रा एवं उभरती हुई युवा नेतृत्वकर्ता हैं। वर्तमान में वे नगर सह मंत्री, मनेंद्रगढ़ तथा खेलो भारत प्रांत टोली सदस्य, छत्तीसगढ़ जैसे महत्वपूर्ण दायित्वों का भी सफलतापूर्वक निर्वहन कर रही हैं।
उन्होंने राज्य स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले का नाम गौरवान्वित किया है। खेल, संगठन और छात्र नेतृत्व के क्षेत्र में उनकी सक्रिय भूमिका के कारण वे छात्राओं के बीच एक चर्चित एवं लोकप्रिय चेहरा बनकर उभरी हैं। उनकी कार्यशैली, अनुशासन और निरंतर सहभागिता छात्राओं एवं महिलाओं के लिए प्रेरणादायी मानी जाती है। संगठन को विश्वास है कि उनके नेतृत्व में छात्राओं की भागीदारी और अधिक सशक्त होगी तथा नए आयाम स्थापित होंगे।
छात्रहित के संघर्षों से बनी अलग पहचान
बलबीर पुषाम ने संगठन में नगर मंत्री एवं प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य जैसे महत्वपूर्ण दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया है। शिक्षा, शुल्क, छात्र सुविधाओं एवं अधिकारों से जुड़े विषयों पर उन्होंने लगातार सक्रिय भूमिका निभाई है तथा छात्रहित को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है।
जिम्मेदारी बढ़ी है, मेहनत भी दोगुनी होगी
पुनः जिला संयोजक नियुक्त होने पर बलबीर पुषाम ने कहा कि यह दायित्व उनके लिए सम्मान के साथ-साथ जिम्मेदारी भी है। उन्होंने संगठन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे पहले से अधिक मेहनत और समर्पण के साथ कार्य करेंगे तथा छात्रहित के लिए निरंतर संघर्षरत रहेंगे। संगठन द्वारा सौंपे गए दायित्वों पर पूरी निष्ठा और ईमानदारी से कार्य करने का संकल्प भी उन्होंने व्यक्त किया।







