बिलासपुर में पूर्व सरपंच की हत्या, धारदार हथियार से मारकर उतारा मौत के घाट……मचा हड़कंप

Murder of former Sarpanch in Bilaspur, killed with sharp weapon...created panic

बिलासपुर 11 दिसंबर 2025। बिलासपुर जिले में गांव के पूर्व सरपंच की लहूलुहान लाश मिलने से हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि बुधवार की रात मृतक अपने घर से निकला था, जिसकी आज सुबह लहूलुहान लाश मिली। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गयी। पुलिस की प्राथमिक जांच में मृतक पर धारदार हथियार से हमला कर हत्या करने की पुष्टि हुई है। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के मुताबिक हत्या की ये वारदात सकरी थाना क्षेत्र का है। ग्राम पंचायत चोरभट्टी खुर्द में पंचायत के पूर्व सरपंच मनबोध यादव की आज सुबह लहूलुहान हालत में लाश मिलने के बाद हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि मनबोध यादव बुधवार रात करीब 8 बजे अपनी स्कूटी से घर से घूमने निकला था। देर रात तक घर वापस नहीं लौटने पर परिवार के लोग आज सुबह उसकी खोजबीन शुरू की

इस दौरान गांव से लगे मुर्गा फार्म हाउस के पास मनबोध की लाश खून से लथपथ हालत में पड़ा मिला। ग्रामीणों के मुताबिक घटनास्थल पर अक्सर लोग शराब पीने के लिए जुटते हैं। घटना की सूचना मिलते ही सकरी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया गया। पुलिस की प्रारंभिक जांच में पुरानी रंजिश या व्यक्तिगत विवाद में हत्या की आशंका जतायी जा रही है।

हालांकि पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर घटना की जांच कर रही है। पूर्व सरपंच की बेरहमी से हुई हत्या से गांव में तनाव का माहौल व्याप्त है। फिलहाल पुलिस ने इस मामले में अपराध दर्ज कर परिवार व गांव के अन्य लोगों से पूछताछ कर रही है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जल्द ही इस मामले की गुत्थी को सुलझाकर हत्यारों को पुलिस गिरफ्तार कर लेगी