जांजगीर-चांपा जिले के अकलतरा थाना क्षेत्र में सड़क हादसा मानकर जांचे जा रहे एक युवक की मौत के मामले में पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। जांच में सामने आया कि युवक की मौत दुर्घटना में नहीं, बल्कि कथित तौर पर मारपीट के दौरान हुई थी। पुलिस के मुताबिक, ट्रक के लेन-देन को लेकर हुए विवाद में दोस्त ने अपने साथी के साथ मिलकर युवक की पिटाई की, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद वारदात को सड़क हादसा दिखाने के लिए शव को कार के नीचे डाल दिया गया। मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है, जबकि दूसरा आरोपी फरार है।
पुलिस के अनुसार, 24 जून 2026 को सोनादुला-सांकर भारतमाला रोड पर वाहन क्रमांक CG 10 BP 9060 से जुड़ी घटना में 26 वर्षीय अरविंद सिंह लोधी, निवासी सकरी, बिलासपुर की मौत हुई थी। शुरुआती जांच में मामला सड़क दुर्घटना का प्रतीत हुआ था। इसी आधार पर पुलिस ने वाहन चालक के खिलाफ धारा 106(1) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की थी।
जांच के दौरान पुलिस ने मामले से जुड़े लोगों से पूछताछ की। पूछताछ में ट्रक के लेन-देन को लेकर मृतक और आरोपी के बीच पुराने विवाद की बात सामने आई। पुलिस के मुताबिक, घटना वाले दिन शराब पीने के दौरान दोनों के बीच इसी मुद्दे को लेकर विवाद हुआ। देखते ही देखते कहासुनी मारपीट में बदल गई। आरोप है कि हेमंत सिंह ठाकुर ने अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर अरविंद की लात-घूंसों से जमकर पिटाई की। इसी दौरान अरविंद की मौत हो गई। इसके बाद आरोपियों ने घटना को दुर्घटना का रूप देने के लिए शव को कार के नीचे रख दिया।
जांच में हत्या के तथ्य सामने आने के बाद पुलिस ने मामले में धारा 103(1) और 3(5) बीएनएस जोड़ी है। वहीं, पहले दर्ज धारा 106(1) बीएनएस को हटा दिया गया है। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल कार को जब्त कर लिया है। पुलिस ने आरोपी हेमंत सिंह ठाकुर को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। वहीं, वारदात में शामिल दूसरे आरोपी की तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जांच की जा रही है।







