तेल गोदाम में भीषण आग….करोड़ों का नुकसान, दमकल की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद पाया आग पर काबू

Massive fire in oil warehouse…loss worth crores, fire brigade team brought the fire under control after a lot of hard work.

बिलासपुर 30 मई 2026। बिलासपुर शहर के प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्र व्यापार विहार में आज सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब खाद्य तेल की चौधरी एजेंसी के गोदाम में भीषण आग लग गई। गोदाम में बड़ी मात्रा में खाद्य तेल का भंडारण होने के कारण आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। आग की लपटें और आसमान में उठता धुएं का गुबार कई किलोमीटर दूर से दिखाई दे रहा था।

जानकारी के मुताबिक घटना सुबह करीब 9 बजे तारबाहर थाना क्षेत्र में स्थित गोदाम में हुई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की छह फायर ब्रिगेड गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया। आग इतनी भयावह थी कि उसे नियंत्रित करने में लगभग छह घंटे का समय लग गया। आग पर काबू पाने के लिए जेसीबी मशीन से गोदाम की दीवार भी तोड़नी पड़ी, ताकि अंदर तक पहुंचकर पानी डाला जा सके।

बताया जा रहा है कि गोदाम में खाद्य तेल के भंडारण और पैकेजिंग का कार्य किया जाता था। यहां तीन बड़े ऑयल टैंक बने हुए थे, जिनमें तेल भरा हुआ था। आग लगने के बाद इन टैंकों और तेल के स्टॉक ने आग को और अधिक फैलाने का काम किया। प्रारंभिक तौर पर आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है, हालांकि वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। बताया जा रहा है कि यह गोदाम तेल व्यापारी निमेष अग्रवाल का है।

व्यापारी के अनुसार आगजनी की इस घटना में करीब दो करोड़ रुपए मूल्य का माल जलकर खाक हो गया है। आग लगने के दौरान गोदाम में बड़ी मात्रा में खाद्य तेल और अन्य सामग्री रखी हुई थी, जो पूरी तरह नष्ट हो गई। आग की सूचना मिलते ही आसपास के व्यापारी और कर्मचारी तत्काल बाहर निकल आए। समय रहते लोगों को सुरक्षित निकाल लिए जाने से किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। हालांकि आग ने गोदाम में रखे लाखों रुपए के सामान को अपनी चपेट में ले लिया।

घटना के बाद व्यापार विहार के व्यापारियों ने क्षेत्र में स्थायी फायर स्टेशन स्थापित करने की मांग उठाई है। उनका कहना है कि व्यापार विहार बिलासपुर संभाग का प्रमुख व्यावसायिक केंद्र है। जहां बड़ी संख्या में गोदाम और एजेंसियां संचालित होती हैं। ऐसे में अग्निशमन सुविधा की तत्काल आवश्यकता है।