कोरबा 3 जनवरी 2026/छत्तीसगढ़ के पारंपरिक लोक पर्व छेरछेरा के पावन अवसर पर मारवाड़ी युवा मंच दर्री–जामनीपाली–जेलगांव द्वारा शुक्रवार, को प्रातःकाल कोरबा शनि देव मंदिर परिसर में एक सराहनीय सेवाभावी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य पर्व के माध्यम से समाज में सेवा, सहयोग एवं मानवीय संवेदनाओं को सशक्त बनाना रहा
कार्यक्रम के अंतर्गत मंदिर में प्रातः दर्शन हेतु पधारे श्रद्धालुओं को गर्म चाय एवं बिस्किट वितरित किए गए। इसके साथ ही क्षेत्र के जरूरतमंद लोगों को नए एवं पुराने वस्त्र प्रदान किए गए, जिससे ठंड के मौसम में उन्हें राहत मिल सके। वहीं बच्चों के लिए चिप्स एवं कुरकुरे वितरित किए गए, जिससे उनके चेहरों पर विशेष उत्साह एवं मुस्कान देखने को मिली। सेवा के इस कार्य से श्रद्धालु, जरूरतमंद एवं बच्चे अत्यंत प्रसन्न एवं भावविभोर नजर आए।
इस सेवाभावी कार्यक्रम में मारवाड़ी युवा मंच के पूर्व अध्यक्ष एवं कार्यक्रम संयोजक दिनेश अग्रवाल, प्रांतीय संयोजक विकास अग्रवाल, अरुण केड़िया, पूर्व कोषाध्यक्ष विनय केड़िया तथा सदस्य अभिषेक शर्मा की गरिमामयी उपस्थिति रही। सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने सामूहिक रूप से सेवा कार्य में सहभागिता निभाते हुए कार्यक्रम को सफल बनाया।
इस अवसर पर मंच के पदाधिकारियों ने कहा कि छेरछेरा पर्व सेवा एवं दान की भावना का प्रतीक है और मारवाड़ी युवा मंच सदैव सामाजिक दायित्वों का निर्वहन करते हुए समाज के प्रत्येक वर्ग तक सहयोग पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध रहा है। भविष्य में भी मंच द्वारा इसी प्रकार के सेवा एवं जनकल्याण से जुड़े कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जाते रहेंगे।








