कोरबा 14 दिसंबर 2025/बाबा सालासर बालाजी के दर्शन की पावन भावना से संबलपुर से सालासर धाम (जयपुर) की ओर पैदल यात्रा पर निकले 58 वर्ष प्रमोद राठी का मारवाड़ी युवा मंच, दर्री,जमनीपाली,जैलगांव शाखा द्वारा दर्री क्षेत्र में भव्य, श्रद्धापूर्ण एवं गरिमामय स्वागत किया गया। जहाँ बड़ी संख्या में समाजबंधु एवं मंच के सदस्य उपस्थित रहे।
प्रमोद राठी बाबा सालासर बालाजी के प्रति गहरी आस्था एवं श्रद्धा के साथ संबलपुर से पैदल यात्रा करते हुए भटली में श्याम बाबा के दर्शन पश्चात चंद्रहासिनी,रायगढ़,सक्ती,कोरबा, जमनीपाली,कटघोरा मार्ग से होते हुए सालासर धाम की ओर अग्रसर हुए उनकी इस कठिन एवं आस्था से परिपूर्ण यात्रा ने समाज में भक्ति, संकल्प एवं धार्मिक चेतना का संदेश दिया है।
इस अवसर पर मंच के राष्ट्रीय संयोजक श्री मनीष अग्रवाल,प्रांतीय उपाध्यक्ष सुमित अग्रवाल ,प्रांतीय संयोजक ,विकास अग्रवाल, मारवाड़ी युवा मंच, दर्री,जमनीपाली,जैलगांव शाखा के अध्यक्ष प्रतीक अग्रवाल, कोषाध्यक्ष बलकिशन अग्रवाल सहित अनेक गणमान्य अग्रबंधु उपस्थित रहे। सभी अतिथियों एवं सदस्यों द्वारा पुष्पगुच्छ भेंट कर, माल्यार्पण, तिलक एवं करताल-ध्वनि के साथ प्रमोद राठी का आत्मीय स्वागत किया गया।

स्वागत कार्यक्रम के दौरान संपूर्ण वातावरण बाबा सालासर बालाजी के जयघोष से भक्तिमय हो उठा। मंच के पदाधिकारियों ने श्री प्रमोद राठी जी के साहस, संकल्प एवं श्रद्धा की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणास्रोत बताया। साथ ही मंच द्वारा उनके भोजन एवं रात्रि विश्राम की समुचित व्यवस्था भी की गई, जिससे सेवा एवं सहयोग की भावना का सुंदर परिचय मिला।
मारवाड़ी युवा मंच, दर्री–जमनीपाली–जैलगांव शाखा द्वारा समाज में धार्मिक, सांस्कृतिक एवं सामाजिक मूल्यों के संवर्धन हेतु किए जा रहे प्रयासों की सभी उपस्थितजनों ने प्रशंसा की। कार्यक्रम के अंत में सभी सदस्यों ने बाबा से प्रमोद राठी जी की यात्रा के सफल, सुरक्षित एवं मंगलमय होने की कामना की।
मारवाड़ी युवा मंच परिवार ने इस पावन अवसर का साक्षी बनकर स्वयं को गौरवान्वित महसूस किया तथा भविष्य में भी इस प्रकार के धार्मिक एवं सामाजिक आयोजनों के आयोजन का संकल्प दोहराया।







