सरेंडर नक्सली की माओवादियों ने की हत्या:पुलिस के सामने डाला था हथियार, गद्दार और पुलिस के साथ काम करने का आरोप लगाकर ले ली जान

सुकमा 7 जुलाई 2024। पुलिस के सामने आत्मसमर्पण करने वाले नक्सली की माओवादियों ने हत्या कर दी है। घटना सुकमा जिला के किस्टाराम थाना क्षेत्र का है। बताया जा रहा है कि मृतक नक्सली ने हाल ही में आंध्र प्रदेश पुलिस के सामने सरेंडर किया था। जिसके बाद से वह अपने घर में रह रहा था। इस बात से नाराज दूसरे माओवादियों ने गांव में घुसकर आत्मसमर्पण करने वाले नक्सली को गद्यार और पुलिस के साथ काम करने का आरोप लगाकर मार डाला।

सरेंडर नक्सली की हत्या का ये मामला सुकमा जिला के किस्टाराम थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक मृतक बारसे मासा साल 2010 में नक्सल संगठन से जुड़ा था। बताया जा रहा है कि बारसे मासा कई बड़े कैडर्स के साथ काम कर चुका था। कुछ दिन पहले ही उसने हिंसा का रास्ता छोड़ समाज की मुख्य धारा में आने के लिए आंध्र प्रदेश में पुलिस के सामने सरेंडर कर हथियार डाल दिए थे। सरेंडर करने के बाद से वह सुकमा जिले के सनमपेंटा गांव में ही रह रहा था।

इस बात की जानकारी मिलने के बाद माओवादी गांव पहुंच गये। बारसे मासा को अगवा कर जंगल ले जाने के बाद माओवादियों ने उसकी गला रेतकर हत्या कर दी। माओवादियों ने मृतक को गद्दार बताते हुए पुलिस के साथ काम करने का आरोप लगाया है। जिसके लिए उसे मौत की सजा देने की बात कही जा रही है। उधर इस घटना की जानकारी के बाद पुलिस ने क्षेत्र में सर्चिंग तेज कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हत्या की जानकारी मिली है। पुलिस ने इस मामले में हत्या का अपराध दर्ज कर घटना के कारणों की जांच कर रही है।