अखिल भारतीय महिला कांग्रेस अध्यक्ष अल्का लांबा के निर्देश पर छत्तीसगढ़ प्रदेश महिला कांग्रेस की प्रदेश से लेकर बूथ स्तर तक की सभी वर्तमान कार्यकारिणियों को तत्काल प्रभाव से भंग कर दिया गया है।
अखिल भारतीय महिला कांग्रेस अध्यक्ष अल्का लांबा के निर्देश पर छत्तीसगढ़ प्रदेश महिला कांग्रेस की प्रदेश से लेकर बूथ स्तर तक की सभी वर्तमान कार्यकारिणियों को तत्काल प्रभाव से भंग कर दिया गया है। संगठन को नए सिरे से सक्रिय और मजबूत बनाने के उद्देश्य से यह फैसला लिया गया है।
जारी आदेश के मुताबिक महिला कांग्रेस में व्यापक संगठनात्मक पुनर्गठन की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। इसके तहत प्रदेश, जिला, ब्लॉक और बूथ स्तर पर नई टीमों का गठन किया जाएगा।
महिला कांग्रेस नेतृत्व का कहना है कि नई कार्यकारिणी में उन कार्यकर्ताओं को प्राथमिकता दी जाएगी, जिन्होंने संगठन के कार्यक्रमों, सदस्यता अभियान, जनसंपर्क और जनआंदोलनों में सक्रिय भूमिका निभाई है। समर्पण और संगठनात्मक क्षमता को भी चयन का प्रमुख आधार बनाया जाएगा।
आगामी दिनों में नई नियुक्तियों को लेकर मंथन तेज होगा और चरणबद्ध तरीके से नई जिम्मेदारियां सौंपी जाएंगी। इस फैसले को महिला कांग्रेस में नई ऊर्जा भरने और जमीनी स्तर पर संगठन को मजबूत करने की रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है।









