सूखे नशे के नेटवर्क पर बड़ी कार्रवाई, हिस्ट्रीशीटर मुकेश बनिया गिरफ्तार…

Major action against dry drug network, history-sheeter Mukesh Baniya arrested

रायपुर ,26फरवरी 2026। सूखे नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत रायपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। कालीबाड़ी–नेहरू नगर क्षेत्र में सक्रिय अवैध नशा तस्करी के संगठित नेटवर्क को ध्वस्त करते हुए लंबे समय से फरार हिस्ट्रीशीटर मुकेश बनिया और उसके भाई संजू को गिरफ्तार किया गया है

यह कार्रवाई डीसीपी (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला और डीसीपी (सेंट्रल जोन) उमेश प्रसाद गुप्ता के संयुक्त मॉनिटरिंग में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट एवं सिटी कोतवाली पुलिस की टीम द्वारा की गई। आरोपी मुकेश बनिया लगातार मध्यप्रदेश, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और उड़ीसा में ठिकाने बदलकर फरार चल रहा था।

आधुनिक हाइडआउट से मिला नशे का जखीरा

कार्रवाई की शुरुआत 24 फरवरी 2026 को हुई, जब नेहरू नगर नरैया तालाब क्षेत्र में अब्दुल जाफर और सुनील जगत को गांजा की फुटकर बिक्री करते पकड़ा गया। पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर कालीबाड़ी क्षेत्र में नाले के पास बने एक हाइडआउट पर दबिश दी गई। यहां से लगभग 7 किलो 397 ग्राम गांजा, पैकिंग सामग्री, इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन, वाई-फाई उपकरण, सीसीटीवी कैमरे और मोशन सेंसर बरामद किए गए। पुलिस के अनुसार यह ठिकाना आधुनिक तकनीक से लैस था, ताकि कार्रवाई से बचा जा सके।

इसके बाद 25/26 फरवरी की दरम्यानी रात नरेश्वर मंदिर, नरैया तालाब क्षेत्र में सुनियोजित दबिश दी गई। मौके से मुकेश बनिया और उसका भाई संजू गिरफ्तार किए गए। तलाशी में उनके कब्जे से 6 किलो 119 ग्राम गांजा, एक देशी कट्टा, तीन जिंदा कारतूस, 2400 नग अल्प्राजोलम की नशीली गोलियां और मोबाइल फोन बरामद किए गए।