रिश्वतखोरी पर बड़ी कार्रवाई: जिला सहकारी बैंक की शाखा प्रबंधक निलंबित, कलेक्टर के निर्देश पर हुआ एक्शन

Major action against bribery: Branch manager of District Cooperative Bank suspended, action taken on the instructions of the Collector

बलौदाबाजार,15 जून 2026 जिला सहकारी केंद्रीय बैंक की निपानिया शाखा में रिश्वत मांगने के आरोप में प्रभारी शाखा प्रबंधक के खिलाफ जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर कुलदीप शर्मा के कड़े निर्देश पर शाखा प्रबंधक अनिता पाण्डेय को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। इस कार्रवाई को प्रशासन द्वारा भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त संदेश के रूप में देखा जा रहा है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार कलेक्टर जनदर्शन में एक शिकायत दर्ज कराई गई थी, जिसमें आरोप लगाया गया था कि मृतक खातेदार के नामित वारिस (नॉमिनी) से खाते की राशि भुगतान करने के एवज में 10 हजार रुपये रिश्वत की मांग की गई थी। शिकायत में जिला सहकारी केंद्रीय बैंक शाखा निपानिया की प्रभारी शाखा प्रबंधक अनिता पाण्डेय का नाम सामने आया था।

मामले की गंभीरता को देखते हुए शिकायत की प्रारंभिक जांच जिला बलौदाबाजार-भाटापारा के नोडल अधिकारी से कराई गई। जांच के दौरान शाखा प्रबंधक पर लगाए गए आरोप प्रथम दृष्टया प्रमाणित पाए गए। जांच रिपोर्ट मिलने के बाद जिला प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए अनिता पाण्डेय को बैंक कर्मचारी सेवा नियम 60 (3) के तहत निलंबित कर दिया।

जारी आदेश के अनुसार निलंबन अवधि के दौरान अनिता पाण्डेय को महासमुंद स्थित नोडल कार्यालय में संलग्न किया गया है। निलंबन अवधि में उन्हें नियमानुसार स्वीकार्य वेतन की आधी राशि के बराबर जीवन निर्वाह भत्ता प्रदान किया जाएगा। साथ ही इस अवधि में वे किसी प्रकार के अवकाश की पात्र नहीं होंगी तथा सक्षम अधिकारी की पूर्व लिखित अनुमति के बिना मुख्यालय नहीं छोड़ सकेंगी।

कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने स्पष्ट किया है कि भ्रष्टाचार और रिश्वतखोरी के मामलों में प्रशासन की ओर से शून्य सहनशीलता की नीति अपनाई जा रही है। आम नागरिकों की शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी और दोषी पाए जाने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों के खिलाफ कठोर कदम उठाए जाएंगे।

इस कार्रवाई के बाद जिले के प्रशासनिक और बैंकिंग हलकों में चर्चा का माहौल है। वहीं आम नागरिकों ने भी जिला प्रशासन की तत्परता और पारदर्शी कार्रवाई की सराहना की है।