दुर्ग 22 जून 2025। दुर्ग जिला में एक महिला और एक बच्चे की हत्या कर लाश को कुंए में ठिकाने लगाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने दो अलग-अलग कुओं से महिला और बच्चे के शव बरामद किये हैं। दोनों के हाथ-पैर बंधे हुए थे और कपड़े में लपेटकर लाश को पत्थर से बांधकर कुएं में फेंका गया था। इस अंधे कत्ल की जानकारी मिलने के बाद पुलिस वारदात से जुड़े कड़ियों को पिराकर हत्यारे तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
अंधे कत्ल की ये वारदात अमलेश्वर थाना क्षेत्र की है। बताया जा रहा है कि यहां के पाटन ब्लॉक अंतर्गत ग्राम खम्हरिया क्षेत्र में आसपास दो कुओं में दो शव बरामद होने से हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत घटना की जानकारी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने कुंए से लाश को बाहर निकलवाया। बताया जा रहा है कि दोनों कुंओ के बीच लगभग 25 से 30 मीटर की दूरी है। जहां एक कुंए से महिला और दूसरे कुंए से बच्चे की लाश पुलिस ने बरामद की है।
पुलिस ने बताया कि दोनों लाश के हाथ-पैर बंधे हुए थे। वारदात के बाद बकायदा लाश को कपड़े में लपेटकर कुएं में फेंका गया था। पुलिस की जांच में ये खुलासा हुआ है कि शव बाहर न आ सके इसलिए शवों के साथ मिट्टी और पत्थर भी बांधे गए थे। पुलिस की प्रारंभिक जांच में मृतिका महिला की उम्र 30 से 35 साल की बतायी जा रही है, जबकि बच्चे की उम्र 10 से 12 साल। पुलिस दोनों शवों की शिनाख्त का प्रयास कर रही है। मौत का कारण क्या है, इसका पता लगाने के लिए पुलिस दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दी है।
मौके पर एफएसएल की टीम द्वारा भी साक्ष्य जुटाने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस प्रथम दृष्टया इस पूरी वारदात को हत्या से जोड़कर देख रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पीएम रिपोर्ट में मौत के कारणों का खुलासा होने के बाद जांच में तेजी आयेगी। फिलहाल पुलिस दोनों शवों की पहचान कर उनकी लाश कुंए में किसने डाला, इसकी पतासाजी कर रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही इस मामले की जांच पूरी कर पूरे घटनाक्रम को सुलझा लिया जायेगा।