तेंदुए का शिकार, नाखून, दांत समेत कई अंग गायब

कटघोरा वनमंडल के चैतमा रेंज की घटना, रायपुर से डॉग स्क्वॉड पहुंचा, जहर देकर मारने की आशंका

कोरबा,16 मई 2024। कटघोरा वन मंडल के चैतमा रेंज में तेंदुआ का शिकार का मामला सामने आया है। बुधवार को राहा जंगल में तेंदुए का शव मिला। जांच में पाया कि तेंदुए का नाखून, दांत समेत कई अंग गायब हैं। सूचना मिलने पर मुख्य वन संरक्षक बिलासपुर प्रभात मिश्रा, डीएफओ कुमार निशांत, एसडीओ चंद्रकांत टिकरिया के साथ मौके पर पहुंचे। आसपास शिकारियों की पतासाजी की जा रही है। रायपुर से डॉग स्क्वायड की टीम भी बुला ली गई है। चैतमा रेंज के कक्ष क्रमांक पी 25 बीट राहा में सुबह 11 बजे तेंदुआ का शव मिलने की सूचना पर वन विभाग में हड़कंप मच गया। एक दिन पहले ही पटपरा के मोहल्ला डाहीडुग्गू निवासी सीताराम यादव के चार बकरियों का शिकार करने की घटना सामने आई। हालांकि तेंदुए के शिकार से इस घटना का कोई लेना देना नहीं है।

सूचना मिलने के बाद मुख्य वन संरक्षक बिलासपुर प्रभात मिश्रा और डीएफओ कुमार निशांत मौके पर पहुंचे। उसके बाद जांच शुरू हुई, लेकिन नाखून और दांत के साथ ही गई अंग गायब मिलने के बाद रायपुर में बड़े अधिकारियों को की सूचना दी गई। यह स्पष्ट हो गया कि तेंदुए का शिकार किया गया है। 3 पशु चिकित्सकों की टीम ने तेंदुए के शव का पोस्टमार्टम किया।

डीएफओ कुमार निशांत का कहना है जहर देकर तेंदुए को मारा गया है। आसपास आरोपियों की पतासाजी की जा रही है। जांच के लिए अलग-अलग टीम लगाई है। रायपुर से डॉग स्क्वायड को भी बुला लिया गया है। इस क्षेत्र में पहले भी जंगली जानवरों के शिकार का मामला सामने आ चुका है। चैतमा रेंज में पेड़ों की अवैध कटाई, उत्खनन का भी मामला सामने आ चुका है।