दुर्ग में विद्युत कर्मियों का महाकुंभ – कोरबा से सैकड़ों कर्मियों अनिल द्विवेदी के नेतृत्व में होंगे रवाना

Kumbh of electricity workers will be held in Durg, hundreds of colleagues will leave from Korba under the leadership of Anil Dwivedi.

कोरबा 7 मार्च 2026/छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत कर्मचारी जनता यूनियन के आह्वान पर 8 मार्च को दुर्ग में होने वाले 20वें प्रांतीय अधिवेशन को लेकर पूरे प्रदेश के विद्युत कर्मियों में जबरदस्त उत्साह है। इस ऐतिहासिक अधिवेशन को लेकर कोरबा जिले से भी सैकड़ों विद्युत कर्मी प्रांतीय अध्यक्ष अनिल द्विवेदी के नेतृत्व में दुर्ग के लिए रवाना होंगे।
कोरबा जिला अध्यक्ष लक्ष्मी यादव ने बताया कि यह अधिवेशन किसी आंदोलन से कम नहीं बल्कि विद्युत कर्मियों का कुंभ बनने जा रहा है, जहां प्रदेश भर से हजारों कर्मचारी एकजुट होकर अपने अधिकारों की लड़ाई को और तेज करने का संकल्प लेंगे।
उन्होंने कहा कि वर्षों से लंबित कर्मचारियों की जायज़ मांगों को लेकर अब निर्णायक संघर्ष का समय आ गया है। अधिवेशन में समान कार्य – समान वेतन, संविदा कर्मियों का नियमितीकरण, ऑन ड्यूटी दुर्घटना में 1 करोड़ रुपये मुआवजा, वेतन पुनरीक्षण समिति का गठन जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर ठोस प्रस्ताव पारित किए जाएंगे।
इसके साथ ही कर्मचारियों की सबसे बड़ी मांग पुरानी पेंशन योजना (OPS) लागू करने को लेकर भी जोरदार प्रस्ताव लाया जाएगा और सरकार से इसे तत्काल लागू करने की मांग की जाएगी।
यूनियन नेताओं ने कहा कि अगर कर्मचारियों की मांगों को अनदेखा किया गया तो प्रदेश के विद्युत कर्मी और भी उग्र आंदोलन के लिए मजबूर होंगे। दुर्ग का यह अधिवेशन कर्मचारियों के हक और सम्मान की लड़ाई का नया अध्याय लिखेगा।