कोरबा पुलिस का सुरक्षा अलर्ट: सराफा दुकानों में CCTV और पैनिक अलार्म अनिवार्य, एसपी के निर्देश पर अफसरों ने ली व्यापारियों की बैठक

Korba Police security alert: CCTV and panic alarms mandatory in bullion shops; officers held a meeting with traders on the instructions of the SP.

कोरबा। दीपावली त्योहार के मद्देनजर बाजारों में सोने-चांदी के आभूषणों और नकदी के बड़े लेन-देन को देखते हुए कोरबा पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गई है। हाल ही में सराफा दुकानों, बैंक परिसरों और नकदी परिवहन के दौरान हुई लूट एवं उठाईगिरी की वारदातों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने की कवायद शुरू कर दी गई है। इसी सिलसिले में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री नितेश ठाकुर, नगर पुलिस अधीक्षक श्री प्रतीक चतुर्वेदी एवं कोतवाली थाना प्रभारी श्री प्रेमचंद साहू ने शहर के सराफा व ज्वेलरी दुकान संचालकों की एक महत्वपूर्ण बैठक लेकर सुरक्षा संबंधी कड़े दिशा-निर्देश जारी किए हैं।

सुरक्षा में न हो चूक: पार्किंग और मुख्य सड़क पर भी रहेगी कैमरों की नजर
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि त्योहार के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में उच्च गुणवत्ता वाले सीसीटीवी कैमरे अनिवार्य रूप से चालू हालत में रखने को कहा गया है। इसके साथ ही प्रत्येक दुकान में कम से कम दो कैमरे बाहर लगाने के निर्देश दिए गए हैं, जिनमें से एक दुकान के बाहर पार्किंग क्षेत्र और दूसरा मुख्य सड़क की ओर निगरानी रख सके। किसी भी आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए दुकानों में पैनिक अलार्म और आपातकालीन घंटी लगाना अनिवार्य कर दिया गया है।

पैकिंग और परिवहन के बदले नियम, पैटर्न बदलने की सलाह
सराफा कारोबारियों को हिदायत दी गई है कि वे आभूषणों और नकदी की पैकिंग हमेशा दुकान का शटर बंद करके ही करें। कीमती सामान का परिवहन करते समय विशेष सावधानी बरतने, अकेले या दोपहिया वाहन से असुरक्षित परिवहन न करने की सलाह दी गई है। पुलिस ने व्यापारियों से कहा है कि वे नकदी ले जाने के लिए रोज़ाना एक ही मार्ग, समय या साधन का उपयोग न करें, ताकि अपराधी उनके आने-जाने के पैटर्न को न भांप सकें। इसके अलावा, दुकानों में काम करने वाले सभी कर्मचारियों के दस्तावेजों का मिलान कर उनका पुलिस वेरिफिकेशन कराने के निर्देश भी दिए गए हैं।

संदिग्ध और नकाबपोशों पर रखें नजर, डायल 112 को तुरंत दें सूचना
बैठक में व्यापारियों से अपील की गई है कि दुकान खुलने और बंद होने के समय विशेष रूप से सतर्क रहें। पहचान छिपाने के उद्देश्य से गमछा, मास्क या हेलमेट लगाकर आने वाले संदिग्धों पर पैनी नजर रखी जाए। पुलिस ने कहा है कि दुकान या आसपास कोई भी संदिग्ध गतिविधि दिखने पर तुरंत स्थानीय थाना, पुलिस कंट्रोल रूम या डायल 112 पर सूचना दें। पुलिस अधिकारियों ने जोर देकर कहा कि सजगता और सतर्कता ही सुरक्षा की पहली कड़ी है, और अपराध मुक्त कारोबारी माहौल बनाने के लिए व्यापारियों का सहयोग बेहद जरूरी है।