सर्राफा व्यापारियों से ठगी के प्रति सतर्क रहने को कोरबा पुलिस की अपील

Korba police appeal to bullion traders to be cautious against fraud

अज्ञात एवं संदिग्ध व्यक्तियों से लेन-देन न करें।

कोरबा 22 अप्रैल 2026/पुलिस द्वारा जिले के समस्त सर्राफा व्यापारियों को सूचित एवं सचेत किया जाता है कि बाहर अन्य राज्यों से सोना-चांदी के पुराने आभूषण लेकर एक्सचेंज करने आने वाले व्यक्तियों से किसी भी प्रकार का लेन-देन करने से पूर्व विशेष सावधानी बरतें।

बिलासपुर में सामने आया ठगी का मामला:
हाल ही में निकटवर्ती जिला बिलासपुर में ऐसे प्रकरण प्रकाश में आए हैं, जिनमें बाहरी व्यक्तियों द्वारा नकली सोना-चांदी के आभूषणों पर हॉलमार्क अंकित कर उन्हें असली बताकर व्यापारियों को धोखा देने का प्रयास किया गया। उक्त मामलों में सिटी कोतवाली पुलिस द्वारा आरोपियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की गई है।

ठगी का तरीका:
ऐसे ठग पुराने आभूषणों के नाम पर नकली सोना-चांदी लेकर आते हैं, जिनकी पहचान करना कई बार कठिन होता है, और बदले में असली एवं मूल्यवान आभूषण प्राप्त कर धोखाधड़ी कर लेते हैं।

कोरबा जिले में भी सतर्कता जरूरी:
बिलासपुर जैसे निकटवर्ती जिले में इस प्रकार की घटनाएं घटित होने से कोरबा जिले में भी ऐसे गिरोह सक्रिय होने की संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता है। अतः सभी व्यापारियों को विशेष सतर्कता बरतने की आवश्यकता है।

कोरबा पुलिस की अपील:
• अज्ञात एवं संदिग्ध व्यक्तियों से लेन-देन न करें।
• आभूषणों की गुणवत्ता एवं सत्यता की उचित जांच सुनिश्चित करें।
• किसी भी संदिग्ध गतिविधि अथवा व्यक्ति की जानकारी तत्काल नजदीकी थाना या पुलिस नियंत्रण कक्ष को दें।

_कोरबा पुलिस द्वारा नागरिकों एवं व्यापारियों की सुरक्षा हेतु सतत निगरानी रखी जा रही है। सभी से सहयोग की अपेक्षा है।_