रतनपुर। बिलासपुर पुलिस द्वारा जिले में नशे के सौदागरों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत रतनपुर पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने गांधीनगर में मुखबिर की सूचना पर रेड कार्रवाई कर अवैध कच्ची महुआ शराब बेचते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से नगदी और शराब जप्त की गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) रजनेश सिंह के निर्देशानुसार जिले में अवैध नशे के कारोबारियों पर लगातार शिकंजा कसा जा रहा है। इसी परिपालन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) श्रीमती मधुलिका सिंह एवं अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) कोटा श्रीमती नूपुर उपाध्याय के मार्गदर्शन में रतनपुर पुलिस मुस्तैदी से काम कर रही है। दिनांक 21 अक्टूबर को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि गांधीनगर रतनपुर में अवैध रूप से शराब की बिक्री की जा रही है।
सूचना पर थाना प्रभारी रतनपुर निरीक्षक निलेश पाण्डेय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्काल गांधीनगर में घेराबंदी कर रेड कार्रवाई की। मौके पर पुलिस ने आरोपी कमलेश निर्मलकर उर्फ गोलू (30 वर्ष), पिता रामशरण निर्मलकर को रंगे हाथों दबोचा। आरोपी के कब्जे से 07 लीटर कच्ची महुआ शराब (कीमती 1400 रुपये) तथा शराब बिक्री की नगद रकम 1100 रुपये जप्त की गई।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निलेश पाण्डेय, प्रशिक्षु उपनिरीक्षक अनिल सिंह, प्रधान आरक्षक विकास सेंगर, आरक्षक धीरज कश्यप, देवानंद चंद्राकर और पवन ठाकुर का विशेष योगदान रहा।







