जांजगीर-चांपा पुलिस का बड़ा एक्शन: रातभर चला कॉम्बिंग गश्त, 127 निगरानी और गुंडा बदमाश थाने लाए गए

Janjgir-Champa police conduct major operation: overnight combing patrol, 127 suspects and criminals brought to the police station

जांजगीर-चांपा, 26 सितंबर। आगामी त्योहारों को देखते हुए जिले में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जांजगीर-चांपा पुलिस ने देर रात से तड़के सुबह तक विशेष कॉम्बिंग गश्त और सघन चेकिंग अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में चलाए गए इस अभियान में जिले के सभी थाना और चौकी क्षेत्रों में पुलिस बल को सक्रिय किया गया। अभियान के दौरान निगरानी और गुंडा बदमाशों के साथ संदिग्ध व्यक्तियों के ठिकानों पर दबिश देकर जांच और सत्यापन किया गया।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलैंडन यार्क के नेतृत्व में संयुक्त पुलिस बल ने देर रात से सुबह करीब 5 बजे तक विभिन्न थाना और चौकी क्षेत्रों में विशेष चेकिंग की। पुलिस टीमों ने घनी आबादी, सुनसान स्थानों, संवेदनशील इलाकों और संदिग्ध ठिकानों पर पहुंचकर निगरानी बदमाशों तथा अन्य संदिग्ध व्यक्तियों की गतिविधियों की जानकारी जुटाई।

इस दौरान जिले के अलग-अलग थाना और चौकी क्षेत्रों से कुल 127 निगरानी और गुंडा बदमाशों को थाना एवं चौकी लाकर पूछताछ और आवश्यक समझाइश दी गई। पुलिस ने संबंधित व्यक्तियों से उनके वर्तमान कामकाज और गतिविधियों की जानकारी ली। साथ ही फोटो और आधार कार्ड सहित अन्य आवश्यक जानकारी के माध्यम से पुलिस रिकॉर्ड को अपडेट किया गया।

पुलिस ने बदमाशों को स्पष्ट रूप से चेतावनी दी कि जिले में शांति और कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वाली किसी भी गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। संदिग्ध गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। पुलिस की अचानक हुई इस कार्रवाई से असामाजिक तत्वों में हड़कंप की स्थिति रही।

पुलिस के अनुसार आगामी त्योहारों के दौरान जिले में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने के लिए इस तरह के अभियान आगे भी जारी रहेंगे। निगरानी और गुंडा बदमाशों की गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जाएगी तथा संदिग्ध व्यक्तियों और संवेदनशील क्षेत्रों की नियमित चेकिंग की जाएगी।

जांजगीर-चांपा पुलिस ने आम नागरिकों से भी सुरक्षा व्यवस्था में सहयोग करने की अपील की है। पुलिस ने कहा है कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वाहन या गतिविधि की जानकारी तत्काल डायल-112 या नजदीकी थाना अथवा चौकी को दी जा सकती है। पुलिस का कहना है कि नागरिकों की सुरक्षा और जिले में शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखना उसकी प्राथमिकता है।