जांजगीर चांपा : अर्जुनी गांव में जुआ खेलते 4 आरोपी गिरफ्तार, 2400 रुपए और ताश पत्ती जब्त

Janjgir Champa: 4 accused arrested while gambling in Arjuni village, Rs 2400 and playing cards seized

जांजगीर-चांपा,11 2026। जिले के अकलतरा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम अर्जुनी में जुआ खेल रहे चार लोगों को आज बुधवार को पुलिस ने छापामार कार्रवाई कर गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से नगद राशि और ताश पत्ती बरामद की गई है। सभी के खिलाफ जुआ अधिनियम के तहत विधिवत कार्रवाई की गई है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप के मार्गदर्शन में जिले में जुआ और सट्टा गतिविधियों के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत पुलिस सहायता केंद्र कोटमीसोनार की टीम ने ग्राम अर्जुनी में सूचना के आधार पर रेड कार्रवाई की।

कार्रवाई के दौरान मौके पर जुआ खेल रहे चार लोगों को पकड़ा गया। तलाशी के दौरान उनके पास से कुल 2400 रुपए नगद और ताश पत्ती जब्त की गई। गिरफ्तार आरोपियों में जेम्स ओंकार (26 वर्ष), पंकज कुमार (25 वर्ष), प्रयाग कुमार (21 वर्ष) और शैलेश कुमार भार्गव (30 वर्ष) सभी निवासी अर्जुनी थाना अकलतरा शामिल हैं।

पुलिस ने बताया कि सभी आरोपियों के विरुद्ध जुआ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी अकलतरा भास्कर शर्मा, एएसआई राजेंद्र सिंह क्षत्रिय, पुलिस सहायता केंद्र प्रभारी कोटमीसोनार तथा स्टाफ का विशेष योगदान रहा।