जनता यूनियन ने की चेयरमैन डॉ रोहित यादव से मुलाकात : रखे अनेक प्रस्ताव

Janata Union met Chairman Dr. Rohit Yadav: presented several proposals

कोरबा/विद्युत कर्मचारी जनता यूनियन छत्तीसगढ़ के प्रतिनिधिमंडल ने रायपुर कार्यालय में पावर डिस्ट्रीब्यूशन कम्पनी के अध्यक्ष डॉ रोहित यादव से भेंट किया तथा कर्मचारी हित के अनेक मुद्दों पर चर्चा की। चर्चा प्रारंभ होने के पूर्व यूनियन के सदस्यों ने सर्वप्रथम पुष्पगुच्छ भेंट कर चेयरमैन सह ऊर्जा सचिव डॉ रोहित यादव का आईटीआई पास 141 लाइन कर्मचारियों को टीए/टीडी बनाये जाने पर आभार व्यक्त किया।

जनता यूनियन के सदस्यों ने अध्यक्ष डॉ रोहित यादव से मैदानी कर्मचारियों की पूर्ति हेतु संविदा कर्मचारियों के नियमितीकरण सहित विद्युत कम्पनी में कार्यरत समस्त कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन योजना लागू करने तथा सभी कैडर के विभिन्न पदों की रिस्ट्रक्चरिंग के सम्बंध में चर्चा की एवं मांग पत्र प्रस्तुत किया।

इसके अलावा सरगुजा और बस्तर संभाग के लिए वर्ष 2021 में डाटा एंट्री ऑपरेटर के 112 पद पर विज्ञापन के माध्यम से शुरू की गई भर्ती प्रक्रिया को न्यायसंगत रीति से जल्द पूर्ण करने का निवेदन किया ताकि कार्यालयीन कर्मचारियों की कमी को पूरा किया जा सके। इस प्रस्ताव पर डॉ यादव ने आश्वस्त किया कि इस विषय पर कम्पनी के अधिकारियों से चर्चा करेंगे एवं विषय का अध्ययन कर आवश्यक पहल करेंगे। उल्लेखनीय है कि सरगुजा एवं बस्तर संभाग हेतु वर्ष 2021 में डाटा एंट्री ऑपरेटर के कुल 112 पद विज्ञापित किये गए थे जिसकी भर्ती प्रक्रिया पर आपत्ति दर्ज होने के कारण माननीय उच्च न्यायालय ने प्रक्रिया को स्थगित कर दिया था। यह भर्ती प्रक्रिया अद्यतन लंबित है।

अंत में जनता यूनियन ने चेयरमैन डॉ रोहित यादव से आगामी दीपावली त्यौहार के अवसर पर विद्युत कर्मचारियों को 30000 रुपये बोनस एक्सग्रेसिया की सौगात देने हेतु निवेदन सह मांग पत्र सौंपा। डॉ यादव ने बोनस राशि एवं मांग को पत्र में रेखांकित किया तथा विचार करने का आश्वासन दिया।

जनता यूनियन के प्रतिनिधिमंडल में अम्बिकापुर शाखा के क्षेत्रीय अध्यक्ष यतींद्र गुप्ता, कोरबा सर्किल अध्यक्ष सम्मेलाल श्रीवास, सचिव घनश्याम गबेल, सूरजपुर जिला उपाध्यक्ष कृतलाल साहू, सदस्य प्रकाश कुमार उपस्थित रहे। संगठन ने चेयरमैन डॉ रोहित यादव को भेंट एवं चर्चा हेतु समय प्रदान करने के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया है।