रशियन हॉस्टल के पास लोहे का पुल काटकर चोरी, 5 और आरोपी गिरफ्तार

Iron bridge near Russian hostel stolen by cutting, 5 more accused arrested

कोरबा,29 जनवरी 2026। रशियन हॉस्टल के पास स्थित नहर पुल एवं डेंगुरनाला पुल की लोहे की रेलिंग को गैस कटर से काटकर चोरी करने के मामले में कोरबा पुलिस ने 5 और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस प्रकरण में अब तक कुल 10 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जिन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस के मार्गदर्शन में थाना उरगा एवं चौकी सीएसईबी पुलिस द्वारा यह कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार 17 जनवरी 2026 की रात रशियन हॉस्टल के पास स्थित नहर पुल की लोहे की रेलिंग को अज्ञात चोरों द्वारा गैस कटर से काटकर चोरी कर लिया गया था। इस संबंध में चौकी सीएसईबी, थाना सिविल लाइन रामपुर में अपराध क्रमांक 53/2026 धारा 303(2), 112(2), 317 (2) (4) भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज किया गया था।

इसी तरह 19 जनवरी 2026 की रात डेंगुरनाला पर बने लोहे के पुल को भी काटकर चोरी किया गया, जिस पर अपराध क्रमांक 87/2026 धारा 303 (2) भारतीय न्याय संहिता के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया। विवेचना के दौरान दोनों घटनाओं में समान आरोपियों की संलिप्तता सामने आई।