एक ही फंदे पर मिले पति-पत्नी के शव,मौत का कारण अज्ञात

Husband and wife's bodies found hanging from the same noose, cause of death unknown

बिलासपुर 11 अगस्त 2026/ बिलासपुर के सिरगिट्टी थाना क्षेत्र के नयापारा में मंगलवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब एक दंपती के शव घर के भीतर फांसी के फंदे पर लटके मिले। सूचना मिलते ही सिरगिट्टी पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को फंदे से उतरवाकर जांच शुरू की। मृतकों की पहचान रमेश सिंह बंजारा और उनकी पत्नी माया बंजारा के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, रमेश सिंह बंजारा मूल रूप से जामकछार, जिला अनूपपुर (मध्यप्रदेश) का रहने वाला था। वह अपनी पत्नी माया के साथ सिरगिट्टी के नयापारा में रहकर जीवन-यापन कर रहा था। मंगलवार सुबह दोनों के घर में फंदे पर लटके होने की जानकारी सामने आई, जिसके बाद आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया।

पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक जांच में दोनों के शव घर के भीतर एक ही फंदे पर मिले हैं। पुलिस ने शवों को सुरक्षित रखवाकर घटना की जानकारी मृतकों के स्वजन को दे दी है। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि दंपती ने यह कदम क्यों उठाया।

मौके से फिलहाल ऐसी कोई स्पष्ट वजह सामने नहीं आई है, जिससे घटना के कारणों की पुष्टि हो सके। पुलिस आसपास रहने वाले लोगों, परिचितों और मृतकों से जुड़े लोगों से पूछताछ कर रही है। साथ ही दंपती की पारिवारिक और व्यक्तिगत परिस्थितियों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है।

स्वजन के पहुंचने के बाद उनके बयान दर्ज किए जाएंगे। इसके बाद पंचनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जाएगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर ही दोनों की मौत की परिस्थितियों का स्पष्ट पता चल सकेगा।

पुलिस मामले को गंभीरता से लेते हुए हर संभावित पहलू की जांच कर रही है। घटना से पहले दंपती की परिस्थितियां कैसी थीं और मौत के पीछे क्या वजह रही, इसका पता लगाने के लिए पुलिस आसपास के लोगों से लगातार जानकारी जुटा रही है।