दुर्ग 20 जून 2026। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में निवेश पर तगड़ा रिटर्न दिलाने का झांसा देकर लाखों रुपये की ठगी करने वाले पति-पत्नी को जामुल पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों ने एक महिला से करीब 25 लाख रुपये की ठगी की, वहीं उसकी सहेली के सोने के गहने गिरवी रखकर करीब 15 लाख रुपये हासिल कर लिए। पुलिस ने फरार चल रहे दोनों आरोपियों को 29 दिनों की तलाश के बाद गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार आरोपी पवन हरिहर सिंह और उसकी पत्नी पिंकी सिंह खुद को वित्तीय सलाहकार और निवेश विशेषज्ञ बताकर लोगों को कम समय में अधिक मुनाफा दिलाने का लालच देते थे। इसी दौरान उनकी पहचान फातिमा अहमद उर्फ स्वाती से हुई।आरोपियों ने शुरुआत में निवेश पर अच्छा रिटर्न दिखाकर महिला का भरोसा जीत लिया। इसके बाद धीरे-धीरे विभिन्न योजनाओं में निवेश कराने के नाम पर उससे करीब 25 लाख रुपये ले लिए।
ठगी का यही तरीका अपनाते हुए आरोपियों ने फातिमा की सहेली रजनी बारसकर को भी अपने जाल में फंसा लिया। आर्थिक मदद और निवेश का भरोसा दिलाकर उसके सोने के गहने अपने कब्जे में ले लिए।बाद में इन गहनों को भिलाई स्थित एक गोल्ड फाइनेंस कंपनी में गिरवी रखकर करीब 15 लाख रुपये की राशि निकाल ली गई। जब दोनों महिलाओं ने अपने पैसे और गहनों की मांग की तो आरोपी लगातार बहाने बनाते रहे।
पीड़ित महिलाओं को जब ठगी का एहसास हुआ तो उन्होंने आरोपियों से रकम वापस मांगनी शुरू की। इस दौरान आरोपी टालमटोल करते रहे और फिर अचानक फरार हो गए। इसके बाद 21 मई को जामुल थाने में मामले की शिकायत दर्ज कराई गई।
मामला दर्ज होने के बाद जामुल पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, मोबाइल लोकेशन और मुखबिरों की सूचना के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की। लगातार 29 दिनों तक चली जांच और खोजबीन के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।पूछताछ के दौरान आरोपियों ने निवेश के नाम पर रकम लेने और गहने गिरवी रखने की बात स्वीकार कर ली। पुलिस ने उनके कब्जे से कई महत्वपूर्ण दस्तावेज, बैंकिंग रिकॉर्ड और लेन-देन से जुड़े दस्तावेज जब्त किए हैं।
पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में ठगी का बड़ा नेटवर्क सामने आने के संकेत मिले हैं। पूछताछ के दौरान यह आशंका जताई जा रही है कि आरोपी दंपती ने इसी तरह कई अन्य लोगों को भी निवेश का झांसा देकर ठगा हो सकता है।पुलिस अब आरोपियों के बैंक खातों, निवेश संबंधी दस्तावेजों और वित्तीय लेन-देन की गहन जांच कर रही है। अधिकारियों का मानना है कि आने वाले दिनों में इस मामले में और भी पीड़ित सामने आ सकते हैं।







